Delhi Ring Metro: (नई दिल्ली): दिल्लीवासियों के लिए 8 मार्च का दिन बेहद खास होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी में दिल्ली मेट्रो की दो नई लाइनों का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह दिल्ली मेट्रो के फेज-V (A) के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इन परियोजनाओं पर लगभग 18,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी, जिससे दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
पिंक लाइन से बनेगी देश की पहली ‘रिंग मेट्रो’
प्रधानमंत्री मोदी मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक पिंक लाइन के नए सेक्शन का उद्घाटन करेंगे। करीब 12.3 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में आठ एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं। इसके शुरू होने के बाद पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी। खास बात यह है कि इस विस्तार के साथ दिल्ली को देश की पहली पूर्ण ‘रिंग मेट्रो’ मिल जाएगी। इस परियोजना में यमुना नदी पर पांचवां मेट्रो पुल और डबल-डेकर वायडक्ट का निर्माण भी किया गया है, जो इंजीनियरिंग की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मैजेंटा लाइन का भी होगा विस्तार
दूसरा कॉरिडोर दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक मैजेंटा लाइन का नया सेक्शन है। लगभग 9.92 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर सात एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं। इसके शुरू होने के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई करीब 49 किलोमीटर हो जाएगी। इस लाइन में 28.36 मीटर ऊंचा एलिवेटेड सेक्शन तैयार किया गया है, जिसे तकनीकी रूप से काफी खास माना जा रहा है।
फेज-V (A) के तहत तीन नए कॉरिडोर
प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में दिल्ली मेट्रो के फेज-V (A) के तहत तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक बनने वाला सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर शामिल है। करीब 9.913 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर पूरी तरह भूमिगत होगा और इसमें नौ नए स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे कर्तव्य भवन, भारत मंडपम और कई केंद्रीय सरकारी कार्यालयों को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी।
इसके अलावा एरोसिटी से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन का विस्तार भी किया जाएगा। लगभग 2.263 किलोमीटर लंबा यह सेक्शन पूरी तरह अंडरग्राउंड होगा, जिससे एयरपोर्ट तक मेट्रो पहुंच और आसान हो जाएगी। वहीं तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक करीब 3.9 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर भी बनाया जाएगा, जिससे नोएडा, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के यात्रियों को बड़ा फायदा मिलेगा।
NCR के यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद एनसीआर के कई शहरों से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचना पहले से आसान हो जाएगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के यात्री वायलेट लाइन के जरिए तुगलकाबाद होते हुए एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे, जबकि नोएडा से कालिंदी कुंज के रास्ते गोल्डन लाइन के माध्यम से दक्षिण दिल्ली और एयरपोर्ट तक यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि ये मेट्रो परियोजनाएं ‘विकसित दिल्ली’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, प्रदूषण कम होगा और एनसीआर के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।