राष्ट्रपति मुर्मू के बंगाल दौरे पर प्रोटोकॉल विवाद, PM मोदी ने ममता बनर्जी को घेरा

Draupadi Murmu, President

West Bengal: पश्चिम बंगाल के उत्तर बंगाल दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 9वें अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में TMC सरकार पर नाराजगी जताई। राष्ट्रपति ने कार्यक्रम स्थल में आखिरी समय बदलाव, भीड़भाड़ वाली जगह चयन और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तथा किसी भी राज्य मंत्री की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “ममता दीदी मेरी छोटी बहन जैसी हैं। शायद वे मुझसे नाराज हैं, इसलिए अनुमति नहीं मिली या जगह बदली गई।” राष्ट्रपति ने दुख जताया कि संथाल समुदाय को एकजुट होने, प्रगति करने और शिक्षा प्राप्त करने से रोका जा रहा है। उन्होंने मूल स्थल का जिक्र कर कहा कि वहां 5 लाख लोग आसानी से आ सकते थे, लेकिन जगह बदलकर छोटी कर दी गई।

PM मोदी ने ममता पर बोला तीखा हमला
इस घटनाक्रम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ममता सरकार पर तीखा हमला बोला। X पर पोस्ट में उन्होंने लिखा, “यह शर्मनाक और अभूतपूर्व है। लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले और आदिवासी सशक्तिकरण में यकीन रखने वाले सभी लोग दुखी हैं। TMC सरकार ने सभी हदें पार कर दी हैं। उनकी प्रशासनिक व्यवस्था इस अपमान के लिए जिम्मेदार है।” PM मोदी ने कहा कि संथाल संस्कृति जैसे महत्वपूर्ण विषय को TMC ने इतनी लापरवाही से लिया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी TMC पर “संवैधानिक ढांचे का पतन” और राष्ट्रपति का अपमान करने का आरोप लगाया।

ममता ने दिया जवाब

ममता बनर्जी ने जवाब देते हुए कहा कि BJP राष्ट्रपति को राजनीति में घसीट रही है। उन्होंने कहा, “BJP राजनीति कर रही है। राष्ट्रपति को राजनीतिक मुद्दों में न घसीटें।” ममता ने पलटवार में BJP शासित राज्यों में आदिवासी अत्याचारों पर राष्ट्रपति की चुप्पी का जिक्र किया और कहा कि TMC सरकार आदिवासियों के साथ है। यह विवाद पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आया है, जहां आदिवासी वोट बैंक महत्वपूर्ण है। BJP इसे TMC की “अराजकता” और “संवैधानिक अपमान” बता रही है, जबकि TMC इसे राजनीतिक साजिश कह रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *