(लखनऊ): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि विदेश से वित्तपोषित धर्मांतरण गिरोहों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) और आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश ‘पुलिस मंथन’ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन-2025 के समापन सत्र को संबोधित करते हुए दिए।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, योगी आदित्यनाथ ने पुलिस और खुफिया एजेंसियों को सोशल मीडिया, साइबर अपराध और ऑनलाइन दुष्प्रचार पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। उन्होंने कानून-व्यवस्था, जातीय एवं धार्मिक सौहार्द्र को प्रभावित करने वाली किसी भी आपत्तिजनक सामग्री पर तत्काल और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
अंतरराष्ट्रीय अनुदानित धर्मांतरण गिरोहों पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण को एक गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि बलरामपुर जैसी घटनाएं संकेत देती हैं कि ऐसे प्रयास संगठित और सुनियोजित तरीके से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वित्तपोषित धर्मांतरण गिरोहों की पहचान और रोकथाम के लिए एआई, वित्तीय लेन-देन की निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक संसाधनों का उपयोग और मजबूत किया जाए।
सीमावर्ती क्षेत्रों में आतंकवादी गतिविधियों पर नजर
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल से लगती सीमाओं पर उभर रहे आतंकवादी गतिविधियों के नए आयामों का गहन विश्लेषण करने और निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
गो-तस्करी और संगठित अपराध पर ‘जीरो टॉलरेंस’
मुख्यमंत्री ने गो-तस्करी और धर्मांतरण से जुड़े संगठित गिरोहों के खिलाफ ‘कतई बर्दाश्त नहीं’ की नीति अपनाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जाति या धर्म के नाम पर समाज को विभाजित करने, पुलिस पर दबाव बनाने या अराजकता फैलाने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
असामाजिक संगठनों की पृष्ठभूमि जांच के आदेश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व महापुरुषों के नाम का दुरुपयोग कर नए संगठन बनाकर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस को ऐसे संगठनों की पृष्ठभूमि की गहन जांच, उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने और कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।