सोनीपत (हरियाणा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोनीपत जिले के गांव सोहटी और थाना कलां में नवनिर्मित हेल्थ सब सेंटरों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य मंच से मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विकास योजनाओं, औद्योगिक प्रगति और किसान-कल्याण से जुड़ी नीतियों का विस्तार से उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के सिद्धांतों पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सोनीपत जिले में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने खरखोदा को जवानों, किसानों और कर्मयोगियों की भूमि बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र अब एनसीआर का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बन चुका है।
11 वर्षों में बड़े पैमाने पर विकास कार्य
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि भाजपा सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल में इस क्षेत्र में 2 लाख 81 हजार करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि आईएमटी खरखोदा के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर 1 लाख 27 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि मारुति सुजुकी ने आईएमटी खरखोदा में 18 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।
किसान और बेटियों के लिए योजनाएं
सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों और बेटियों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सोनीपत में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 34 हजार 568 बेटियों और महिलाओं ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है।
मुआवजा, रोजगार और स्वास्थ्य योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में फसल खराब होने पर किसानों को 15 हजार 448 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया, जबकि कांग्रेस शासन में केवल 1 हजार 138 करोड़ रुपये दिए गए थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची नौकरी दी और कच्चे कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा की गारंटी दी गई।
उन्होंने आयुष्मान कार्ड, चिरायु योजना और किडनी रोग से जुड़ी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसानों को 48 घंटे के भीतर फसल क्षति का भुगतान सुनिश्चित किया गया है। इसके अलावा हरियाणवी अग्निवीरों को हरियाणा पुलिस में आरक्षण देने का भी उल्लेख किया गया।