(अदीस अबाबा): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन देशों की चार दिवसीय यात्रा के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को इथियोपिया पहुंचे। अपनी पहली इथियोपिया यात्रा के दौरान पीएम मोदी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे और “लोकतंत्र की जननी” के रूप में भारत की यात्रा तथा ‘ग्लोबल साउथ’ में भारत-इथियोपिया साझेदारी के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे।
द्विपक्षीय चर्चा और साझेदारी को बढ़ावा
प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर व्यापक चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, यह यात्रा ‘ग्लोबल साउथ’ में साझेदार के रूप में भारत और इथियोपिया के बीच गहरी दोस्ती और सहयोग को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया की दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी मंगलवार को जॉर्डन से इथियोपिया पहुंचे और अपनी तीन देशों की यात्रा के तीसरे चरण में इथियोपिया से ओमान के लिए रवाना होंगे।