जम्मू-कश्मीर: दिल्ली विस्फोट में शामिल डॉ. उमर नबी का पुलवामा स्थित मकान ध्वस्त

Demolished House of Umar Nabi

Delhi Blast: दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार विस्फोट में शामिल पाए डॉ. उमर नबी के पुलवामा स्थित घर को सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि को की गई। यह कदम राष्ट्रीय राजधानी में हुए आतंकी हमले की जांच के तहत उठाया गया है।

लाल किले के पास धमाके में 13 की मौत

सोमवार को रात लाल किले के पास विस्फोटकों से भरी हुंडई i20 कार में हुए धमाके में 13 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। जांच एजेंसियों ने खुलासा किया कि धमाके के समय कार को डॉ. उमर नबी ही चला रहा था।

डीएनए मिलान के बाद हुई उमर नबी की पहचान

विस्फोट स्थल से मिले अवशेषों से प्राप्त डीएनए नमूनों का डॉ. उमर नबी की मां के नमूनों से मिलान किया गया। मैच होने के बाद उसकी पहचान की पुष्टि हो गई। इसके तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पुलवामा में उसके घर को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी।

कट्टरपंथी कैसे बना उमर

स्थानीय लोगों और जांचकर्ताओं के अनुसार उमर नबी अपने क्षेत्र में एक अकादमिक रूप से सक्षम और प्रतिभाशाली युवा पेशेवर के रूप में जाना जाता था। हालांकि, पिछले दो वर्षों में वह कथित तौर पर कट्टरपंथ की ओर झुक गया था। जांच में यह भी सामने आया कि वह सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी संदेश फैलाने वाले कई समूहों से जुड़ गया था।

जांच एजेंसियों की निगरानी और सख्ती बढ़ी

दिल्ली धमाके के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलवामा में उमर के ठिकाने पर की गई यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा है, जिसमें हमले से जुड़े सभी संभावित नेटवर्क और मददगारों की पहचान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *