बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में मतदान जारी, 20 जिलों की 122 सीटों पर तय होगी किस्मत

Bihar Election Phase 2: (पटना): बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज मतदान जारी है। राज्य के 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर रहे हैं। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 5 बजे तक चलेगा।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, इस चरण में 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 136 महिलाएं और एक किन्नर प्रत्याशी शामिल हैं। लगभग 3.7 करोड़ मतदाता, जिनमें 1.95 करोड़ पुरुष, 1.74 करोड़ महिलाएं और 2,000 से अधिक तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं, अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस चरण में 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जो अब तक के किसी एक चरण के लिए सबसे अधिक हैं।

सुरक्षा के सख्त इंतजाम,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। वहीं, चुनाव आयोग ने मतदाताओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राज्यभर में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की करीब 1,000 कंपनियां (लगभग 1 लाख जवान) तैनात की गई हैं। इसके अलावा बिहार पुलिस के 60,000 जवान, 30,000 बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस कर्मी, 20,000 होमगार्ड, 19,000 नए प्रशिक्षु कांस्टेबल और करीब 1.5 लाख चौकीदार चुनावी ड्यूटी पर हैं।

8,491 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित

राज्य पुलिस के अनुसार, 8,491 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इनमें गया जिले में सबसे अधिक 1,084 केंद्र, औरंगाबाद में 942, रोहतास में 827, नवादा में 690, भागलपुर में 574, बांका में 613, और अररिया में 518 केंद्र संवेदनशील माने गए हैं। इन इलाकों में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।

भारत-नेपाल सीमा पर सख्त चौकसी

भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में अवैध आवाजाही और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कई चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। मतदान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी मतदान केंद्रों पर व्यवस्था सामान्य है और लोगों में मतदान को लेकर जोश देखा जा रहा है। चुनाव आयोग को उम्मीद है कि इस चरण में रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत दर्ज किया जाएगा। इस दूसरे चरण के बाद बिहार विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और अब सबकी निगाहें गिनती के दिन यानी 14 नवंबर पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि सत्ता की कुर्सी पर कौन बैठेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *