प्रधानमंत्री मोदी भूटान की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना, द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगा नया आयाम

PM Modi

PM Modi visit to Bhutan: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को भूटान के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हुए। यह यात्रा हिमालयी देश के चतुर्थ नरेश जिग्मे सिंग्ये वांगचुक के 70वें जन्मदिन समारोह में शामिल होने और भारत-भूटान के पारंपरिक संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है।

भूटान के राजा और प्रधानमंत्री से होगी मुलाकात

अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भूटान के वर्तमान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, उनके पिता एवं चतुर्थ नरेश जिग्मे सिंग्ये वांगचुक, तथा भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों के दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, ऊर्जा साझेदारी, सीमा विकास और सांस्कृतिक संबंधों को और सुदृढ़ करने पर चर्चा होगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भूटान के लोगों के साथ चतुर्थ नरेश के 70वें जन्मदिन समारोह में शामिल होना उनके लिए एक “सम्मान की बात” है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत और भूटान की मित्रता, साझी प्रगति और समृद्धि के रिश्तों को और गहरा करेगी।

पुनात्सांगछू-2 जलविद्युत परियोजना का करेंगे उद्घाटन

अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पुनात्सांगछू-2 जलविद्युत परियोजना का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना भारत-भूटान की ऊर्जा साझेदारी में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी और दोनों देशों के सहयोग को नई दिशा देगी। प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि भूटान में आयोजित वैश्विक शांति प्रार्थना महोत्सव में भारत से भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों का प्रदर्शन दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों का प्रतीक है।

‘पड़ोसी प्रथम नीति’ का उदाहरण

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और भूटान के बीच संबंध आपसी विश्वास, समझ और सद्भावना पर आधारित हैं। उन्होंने कहा हमारी साझेदारी ‘पड़ोसी प्रथम नीति का प्रमुख स्तंभ है और पड़ोसी देशों के बीच आदर्श मैत्रीपूर्ण संबंधों का उदाहरण प्रस्तुत करती है।”

प्रधानमंत्री ने एक्स पर किया लिखा

यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने ‘एक्स पर लिखा भूटान के लिए रवाना हो रहा हूं, जहां मैं विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लूंगा। यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भूटान महामहिम चतुर्थ नरेश का 70वां जन्मदिन मना रहा है। मैं भूटान के महामहिम नरेश, महामहिम चतुर्थ नरेश और प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से मुलाकात करूंगा। प्रधानमंत्री मोदी ने उम्मीद जताई कि यह यात्रा भारत और भूटान के द्विपक्षीय संबंधों में नई ऊर्जा का संचार करेगी और आने वाले वर्षों में साझा विकास और समृद्धि की दिशा में नए अवसर खोलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *