Delhi Lal Qila blast news: (नई दिल्ली): राजधानी दिल्ली में सोमवार को लाल क़िला के पास हुए भीषण कार धमाके ने पूरे देश को दहला दिया। इस घटना में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज़्यादा घायल हैं। जांच एजेंसियां विस्फोट की वजह और संभावित साजिश का पता लगाने में जुटी हैं।
भूटान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित कर दिया है। मैं भूटान बहुत भारी मन से आया हूं। पूरी रात इस घटना की जांच से जुड़ी एजेंसियों के साथ बैठक करता रहा। पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। एजेंसियां इस साजिश की तह तक जाएंगी, किसी भी साजिशकर्ता को बख्शा नहीं जाएगा। सभी जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। ”पीएम मोदी ने अंग्रेजी में भी दोहराया “All those responsible will be brought to justice.”
भूटान के राजा ने भी जताया शोक
भूटान के महामहिम राजा ने मंगलवार को राजधानी थिम्फू के चांगलिमिथांग स्टेडियम में हजारों नागरिकों के साथ दिल्ली धमाके के पीड़ितों के लिए प्रार्थना की। भूटान सरकार ने भारत को पूरी संवेदना और समर्थन का संदेश भेजा है।
लाल क़िला मेट्रो के पास हुआ धमाका
सोमवार शाम लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास धीमी गति से चल रही एक कार में अचानक शक्तिशाली विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान पहुँचा और पैदल चल रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। घटनास्थल पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और फॉरेंसिक टीम तुरंत पहुँचीं। प्रारंभिक जांच में विस्फोटक पदार्थ के उपयोग के संकेत मिले हैं।
जांच में जुटीं एजेंसियां, संदिग्ध हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने बताया कि धमाके की जांच आतंकवाद-रोधी कानून (UAPA) के तहत की जा रही है। केंद्रीय खुफिया एजेंसियां भी स्थानीय पुलिस की मदद कर रही हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया गया है।