रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का सख्त बयान, कहा- दिल्ली विस्फोट के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

Delhi blast news: (नई दिल्ली): नई दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम हुए भीषण विस्फोट में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि इस मामले की त्वरित और गहन जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ धमाका

यह विस्फोट सोमवार शाम लगभग छह बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास यातायात सिग्नल पर हुआ, जब एक कार धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रही थी। अचानक हुए इस धमाके में कार के परखच्चे उड़ गए और आसपास के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना स्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन मंगलवार सुबह तक तीन और घायलों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को एक रक्षा सम्मेलन के दौरान कहा मैं अपने साथी नागरिकों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि देश की अग्रणी जांच एजेंसियां इस घटना की त्वरित और गहन जांच कर रही हैं। जांच के निष्कर्ष जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे। जो भी लोग इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें सख्त सजा दी जाएगी और किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

मृतकों के परिवारों के प्रति व्यक्त की संवेदना

राजनाथ सिंह ने कहा मैं इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि शोक संतप्त परिवारों को इस गहन दुख की घड़ी में शक्ति और धैर्य मिले। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार घायलों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है और जांच एजेंसियां हर कोण से सुराग तलाश रही हैं।

जांच एजेंसियां हैं अलर्ट मोड पर

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। विस्फोट स्थल को सील कर दिया गया है और फोरेंसिक टीमों ने साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि संदिग्ध गतिविधियों की पहचान की जा सके।

पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा

घटना के बाद दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी मेट्रो स्टेशनों, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। सरकार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और जांच एजेंसियों को सहयोग करें। लाल किला क्षेत्र में हुए इस विस्फोट ने देश की राजधानी को झकझोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *