नई दिल्ली: आतंकवाद के खिलाफ जंग में अब इजरायल ने भारत का साथ देने का ऐलान किया है। इससे पाकिस्तान की नींद उड़ गई है। इज़रायल ने मंगलवार को आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने और व्यापार, बुनियादी ढांचा तथा कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करने के उपायों पर भारत के साथ विस्तार से चर्चा की। इस दौरान गाजा संघर्ष को लेकर भी बातचीत हुई। भारत ने यह आशा जताई कि अमेरिका की मध्यस्थता में तैयार की गई गाजा शांति योजना क्षेत्र में स्थायी शांति लाने में मदद करेगी।
इजरायल के विदेश मंत्री और एस जयशंकर में हुई वार्ता
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और इज़रायल के विदेश मंत्री गिदोन सार के बीच हुई बातचीत में आतंकवाद, द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) पर चर्चा हुई। IMEC परियोजना के तहत क्षेत्रीय संपर्क और व्यापार को बढ़ावा देने के अवसर तलाशे जा रहे हैं।
जयशंकर ने अपने उद्घाटन वक्तव्य में कहा कि भारत और इज़रायल दोनों ही आतंकवाद की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम कठिन समय में एक साथ खड़े रहे हैं और हमारे संबंध आपसी विश्वास पर आधारित हैं। हमने उच्च स्तर के भरोसे और विश्वसनीयता के साथ एक रिश्ता बनाया है। हमारे दोनों देशों को आतंकवाद की विशेष चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।” उन्होंने जोर दिया कि आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के प्रति वैश्विक दृष्टिकोण में शून्य सहिष्णुता सुनिश्चित करने की दिशा में काम करना आवश्यक है।
गिदोन सार की प्रतिक्रिया
तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए गिदोन सार ने कहा कि इज़रायलवर्तमान में गाजा में हमास, लेबनान में हिजबुल्ला, और यमन में हूती जैसे कट्टर आतंकवादी संगठनों से निपट रहा है। उन्होंने कहा, “हमारे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए इन्हें उखाड़ फेंकना आवश्यक है। हमास के आतंकवादी शासन को खत्म करना अमेरिका की योजना का अहम हिस्सा है। गाजा को असैन्य बनाने पर हम कोई समझौता नहीं करेंगे।”
इजरायल ने हमास के हमले के समय याद किया भारत का समर्थन
सार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन को भी याद किया और कहा कि 7 अक्टूबर के हमास नरसंहार के बाद मोदी ने तत्काल प्रधानमंत्री नेतन्याहू से संपर्क किया था, जिसे इज़रायल कभी नहीं भूलेगा। इस दौरान पीएम मोदी ने इजरायल पर हमास के हमले को आतंकवादी करार दिया था और इसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई में इजरायल का साथ देने का भरोसा भी दिलाया था।
द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
दोनों विदेश मंत्रियों ने द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की। जयशंकर ने कहा, “हमारे द्विपक्षीय निवेश समझौते का हालिया समापन इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कृषि, अर्थव्यवस्था, पर्यटन और वित्त जैसे क्षेत्रों में इज़रायल के सभी मंत्रिस्तरीय सहयोगी हाल ही में भारत आए हैं।” उन्होंने बताया कि भारत ने रेल, सड़क और बंदरगाह अवसंरचना में नई क्षमताएं विकसित की हैं और भारतीय व्यवसायइज़रायलमें अवसरों को तलाशने के लिए उत्सुक हैं। दोनों देशों ने कृषि, नवाचार, सेमीकंडक्टर और साइबर क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार किया।