बिलासपुर में 2 ट्रेनों की की टक्कर, 9 की मौत 13 घायल

Bilaspur train accident: (बिलासपुर): छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार को शाम भयानक रेल हादसा हो गया। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 2 ट्रेनें आपस में भीषण रूप से टकरा गई, जिससे नौ लोगों की मौत हो गई और 13 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह टक्कर एक लोकल ट्रेन और मालगाड़ी में आमने-सामने से हुई। घटना लालखदन के पास शाम लगभग 4 बजे हुई।

कब और कैसे हुआ हादसा

पैसेंजर ट्रेन कोरबा से बिलासपुर की तरफ आ रही थी। इसी दौरान मालगाड़ी उसी मार्ग पर थी। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कई डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ यात्री डिब्बों में फंस गए। फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया। रेलवे और स्थानीय प्रशासन की राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं

राहत और बचाव कार्य जारी

दक्षिण पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। रेलवे की टीमों ने घायल यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया और राहत कार्य में जुट गई। अधिकारीयों का कहना है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की संभावना बनी हुई है।

रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

रेलवे ने हादसे में फंसे या घायल यात्रियों और उनके परिजनों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। चंपा जंक्शन: 808595652, रायगढ़: 975248560, पेंड्रा रोड: 8294730162, और दुर्घटना स्थल पर संपर्क के लिए 9752485499 / 8602007202 उपलब्ध हैं। इसके अलावा रेलवे ने मृतकों के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये और घायलों के लिए 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर जताया दुख

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों के उपचार का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त की हैं और अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता देने का निर्देश दिया।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग और रेलवे कर्मचारी घटनास्थल पर जुट गए। राहत कार्य में स्थानीय प्रशासन, पुलिस और रेलवे टीमों के साथ ही स्वयंसेवक भी मदद कर रहे हैं। रेलवे अधिकारियों ने सभी यात्रियों और उनके परिजनों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *