PM Modi congratulated team (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आईसीसी महिला विश्व कप 2025 का पहला खिताब जीतने पर हार्दिक बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट टीम की यह ऐतिहासिक जीत भारत के खेल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो जाएगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
देश के लिए है गौरव का क्षण
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को राजधानी दिल्ली में आयोजित “उभरते विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार सम्मेलन (ESTIC)” को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन की शुरुआत में ही उन्होंने महिला क्रिकेट टीम की शानदार उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा यह कार्यक्रम विज्ञान से जुड़ा है, लेकिन सबसे पहले मैं भारत की शानदार क्रिकेट जीत की बात करना चाहता हूं। पूरा देश आज हमारी महिला क्रिकेट टीम की सफलता से उत्साहित और गौरवान्वित है। यह भारत का पहला महिला विश्व कप खिताब है। मैं हमारी पूरी टीम को हार्दिक बधाई देता हूं। हमें आप पर गर्व है, और आपकी यह सफलता देशभर के लाखों युवाओं, विशेषकर बेटियों को प्रेरित करेगी।”
बेटियां हर क्षेत्र में छू रही हैं नई ऊँचाइयाँ
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण, अनुशासन और टीम भावना के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की बेटियां आज हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं चाहे वह विज्ञान हो, नवाचार हो या खेल का मैदान।
भारत की बेटियों ने रचा इतिहास
रविवार को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर अपना पहला आईसीसी महिला विश्व कप खिताब जीता। भारतीय टीम की इस जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों को बधाई देने वालों की बाढ़ आ गई है और प्रशंसकों ने इसे “भारत की बेटियों का स्वर्णिम क्षण” बताया है।
सफलता देश की “नारी शक्ति” की है असली पहचान
इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने न केवल एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है बल्कि विश्व मंच पर भारत की खेल क्षमता का भी शानदार प्रदर्शन किया है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह सफलता देश की “नारी शक्ति” की असली पहचान है और सरकार खेलों में महिलाओं की भागीदारी को और प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।