सीएम नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान, कुरुक्षेत्र में 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक चलेगा अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव

Nayab Singh Saini

International Gita Mahotsav 2025: (चंडीगढ़): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2025 की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज की प्रेरणा और प्रयासों से अब तक मॉरीशस, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों में गीता महोत्सव का भव्य आयोजन हो चुका है। 10वां अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव इस बार धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।

21 दिनों तक चलेगा महोत्सव

यह पहली बार होगा जब यह महोत्सव पूरे 21 दिनों तक चलेगा। इस दौरान संस्कृति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2016 में इस महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित करने की शुरुआत हुई थी।

वर्ल्ड कप जीतने वाली हरियाणा की बेटी समेत पूरी टीम को दी बधाई

इस दौरान सीएम सैनी ने वर्ल्ड कप जीतने वाली पूरी टीम समेत हरियाणा की बेटी शेफाली वर्मा को विशेष रूप से बधाई दी। शेफाली ने महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम को जीत दिलाने में अहम रोल अदा किया था। सैनी ने इस जीत पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मध्य प्रदेश रहेगा महोत्व का सहयोगी राज्य

इस बार मध्य प्रदेश सहयोगी राज्य की भूमिका में रहेगा। राज्य की ओर से ब्रह्म सरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में एक भव्य सांस्कृतिक पवेलियन तैयार किया जा रहा है। 24 नवंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का शुभारंभ होगा।

16 देशों के विद्वान होंगे शामिल

इसमें विदेश मंत्रालय के माध्यम से 16 देशों के 25 विद्वान भाग लेंगे। साथ ही, विदेश मंत्रालय के सहयोग से 51 देशों में गीता महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनका लाइव प्रसारण किया जाएगा। फिजी और त्रिनिदाद एवं टोबैगो से 20 पंडित कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे, जो विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में भाग लेंगे।

डिजिटल कवरेज और धार्मिक आयोजन

महोत्सव के दौरान हरियाणा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा एक यूट्यूब चैनल संचालित किया जाएगा ताकि लोग ऑनलाइन कार्यक्रमों का आनंद ले सकें।

  • 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक ब्रह्म सरोवर पर प्रतिदिन भाव गीत महा आरती का आयोजन होगा।
  • 1 दिसंबर को ज्योतिसर तीर्थ पर गीता यज्ञ, गीता पाठ और भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।
  • इसी दिन 18 हजार विद्यार्थी गीता का वैश्विक पाठ करेंगे और 182 तीर्थ स्थलों पर दीपोत्सव मनाया जाएगा।

-गीता पुस्तक मेला और सांस्कृतिक झलकियां

हर वर्ष की भांति इस बार भी 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक गीता पुस्तक मेला आयोजित किया जाएगा। साथ ही 7 देशों के 25 शिल्पकार अपनी कला और शिल्पकृतियों का प्रदर्शन करेंगे।

बलराम कुश्ती दंगल और जिला स्तर के कार्यक्रम

महोत्सव में बलराम कुश्ती दंगल का आयोजन होगा, जिसमें देश के प्रमुख पहलवान भाग लेंगे।
28 नवंबर से अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम हर जिला मुख्यालय पर भी शुरू होंगे।
1 दिसंबर को गीता जयंती के अवसर पर सभी जिलों में 1800 विद्यार्थी एक साथ गीता का वैश्विक पाठ करेंगे।

गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी दिवस पर विशेष आयोजन

महोत्सव के दौरान गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर भी कुरुक्षेत्र में विशेष कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों आयोजनों में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। अंत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा मैं सभी हरियाणावासियों और देशवासियों से आग्रह करता हूं कि इस पवित्र आयोजन में भाग लेकर गीता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें। सभी के मंगल भविष्य की कामना करता हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *