भारत की शेरनियों ने रचा इतिहास, साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर जीता पहला महिला वनडे विश्व कप

ICC Women’s World Cup 2025:(नवी मुंबई): भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 47 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए रविवार को इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने नवी मुंबई के डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार आईसीसी महिला वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय महिला क्रिकेट ने देश के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया। पूरी टीम के बेहतरीन प्रदर्शन ने “भारत की शेरनियों” को विश्व क्रिकेट के शिखर पर पहुँचा दिया।

दक्षिण अफ्रीका ने जीता था टॉस

मैच की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट खोकर 298 रन बनाए। युवा बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने ताबड़तोड़ अंदाज में 87 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि दीप्ति शर्मा ने 58, स्मृति मंधाना ने 45 और ऋचा घोष ने 34 रन जोड़े। दक्षिण अफ्रीका की ओर से आयाबोंगा खाका सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 3 विकेट झटके।

246 रन पर ऑलआउट हो गई दक्षिण अफ्रीकी टीम

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम 46.3 ओवर में 246 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से स्पिनर दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और विरोधी टीम की कमर तोड़ दी। शेफाली वर्मा ने भी गेंदबाजी में दो अहम विकेट लेकर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। शानदार प्रदर्शन के लिए शेफाली वर्मा को प्लेयर ऑफ द फाइनल, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

देश में छाया जश्न का माहौल

जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल छा गया। सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने खिलाड़ियों को बधाई संदेशों से भर दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, खेल मंत्री और पूर्व क्रिकेटरों ने भी टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व जताते हुए शुभकामनाएँ दीं। इस जीत ने न केवल भारतीय महिला क्रिकेट की ताकत को दुनिया के सामने रखा है, बल्कि देशभर की लाखों बेटियों को यह संदेश दिया है कि मेहनत और जज्बे से कोई भी सपना हकीकत बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *