Amit Shah Bihar speech: (पटना): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि यह चुनाव तय करेगा कि राज्य में फिर से ‘जंगलराज’ लौटेगा या जनता विकास की राह चुनते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को समर्थन देगी। शाह ने रैली में कहा, ‘‘मैं छठी मइया से प्रार्थना करता हूं कि बिहार हमेशा जंगलराज से मुक्त रहे।’’
अपराध में कमी का दावा
अमित शाह ने राजग सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि इसके शासनकाल में गंभीर अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने बताया कि हत्या के मामलों में 20 प्रतिशत और डकैती की घटनाओं में 80 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
विपक्ष पर बोले तगड़ा हमला
शाह ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल अपने परिवार का विकास है। उन्होंने आरोप लगाया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के शासनकाल के दौरान लगभग 12 लाख करोड़ रुपए के घोटाले हुए। अमित शाह ने राजद और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां सुभान अल्लाह।’’
विकास कार्य और आर्थिक दृष्टिकोण
गृह मंत्री ने राजग सरकार द्वारा बिहार में किए गए विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि राज्य में विकास की गति बढ़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
घुसपैठ और सुरक्षा मुद्दे
अमित शाह ने घुसपैठियों को लेकर कहा कि उन्हें देश से बाहर निकालना चाहिए और उनका नाम मतदाता सूची से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ‘‘घुसपैठिए बचाओ यात्रा’’ निकालकर उनकी रक्षा नहीं कर सकते।