India Vs Pak: पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल सैयद असीम मुनीर ने भारत के प्रति तीखे तेवर अपनाते हुए शनिवार को चेतावनी दी कि “मामूली उकसावे” पर भी पाकिस्तान “निर्णायक जवाब” देगा। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि “परमाणु हथियारों से लैस दुनिया में युद्ध की कोई गुंजाइश नहीं है।”
मुनीर ने कहा-भारत की धमकी से नहीं डरेंगे
विदेशी टुकड़ों पर पलने वाला मुनीर पाकिस्तान सैन्य अकादमी (पीएमए), काकुल, एबटाबाद में आयोजित स्नातक समारोह को संबोधित कर रहा था। इस दौरान उसने कहा, “मैं भारत के सैन्य नेतृत्व को सलाह देता हूं कि वह जिम्मेदारी से व्यवहार करे। युद्ध परमाणु संपन्न माहौल में कोई विकल्प नहीं है। हम डरेंगे नहीं और न ही किसी बयानबाज़ी से प्रभावित होंगे।”
भारत पर लगाया आरोप
मुनीर ने भारत पर आतंकवाद को “हथियार” के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पाकिस्तान को अस्थिर करने की ऐसी कोशिशें सफल नहीं होंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि “अफगान धरती से काम कर रहे छद्म संगठनों” को “धूल में मिला दिया जाएगा”…जिसका संकेत पाकिस्तान विरोधी आतंकवादी समूहटीटीपी (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान) की ओर था।
ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख
उन्होंने भारत द्वाराऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके में किए गए हमलों का भी जिक्र किया। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ था, जिसमें 26 नागरिक मारे गए थे। दोनों देशों के बीच चार दिन तक मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद 10 मई को संघर्ष विराम पर सहमति बनी, जो डीजीएमओ स्तर की बातचीत के बाद हुआ। इस दौरान भारत ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर बड़ा मिसाइल हमला किया था, जिसमें 100 आतंकी मारे गए थे। इसके बाद पाकिस्तान के 11 सैन्य ठिकानों को भी उड़ा दिया था।
कश्मीर पर फिर दोहराई ‘कूटनीतिक समर्थन’ की बात
मुनीर ने जम्मू-कश्मीर का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान “कश्मीरियों को नैतिक और कूटनीतिक समर्थन” देता रहेगा और भारत से “अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के अनुसार मुख्य मुद्दों” को हल करने की अपील की। उसने पाकिस्तान को “शांतिप्रिय देश” बताते हुए कहा कि अमेरिका, चीन समेत कई वैश्विक शक्तियों के साथ पाकिस्तान के मजबूत संबंध हैं। समारोह में मलेशिया, नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका, कतर, यमन, मालदीव और नाइजीरिया सहित कई देशों के कैडेट भी पासआउट हुए।