दीवाली से पहले बिगड़ी दिल्ली की हवा, मौसम विभाग ने ‘रेड जोन’ में रखा

Dhanteras and Diwali: दीवाली से पहले ही दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब हो गई है। शनिवार को भी दिल्ली की हवा खराब रही। दीवाली से पहले प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी के कारण नौ निगरानी केंद्र ‘‘बहुत खराब’’ श्रेणी के ‘रेड जोन’ में हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 268 दर्ज किया गया, जो ‘‘खराब’’ श्रेणी में आता है।

इन जगहों का एक्यूआई सबसे खराब

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में गाजियाबाद में एक्यूआई 324 रहा जो ‘‘बहुत खराब’’ की श्रेणी में आता है, जबकि नोएडा और गुरुग्राम में क्रमशः यह ‘‘खराब’’ श्रेणी में 298 और 258 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, आनंद विहार में सबसे अधिक एक्यूआई 389 दर्ज किया गया। इसके बाद वजीरपुर (351), बवाना (309), जहांगीरपुरी (310), ओखला (303), विवेक विहार (306), द्वारका (310) और सिरी फोर्ट में यह 307 दर्ज किया गया।

कैसे तय होता है एक्यूआई

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘‘अच्छा’’, 51 से 100 को ‘‘संतोषजनक’’, 101 से 200 को ‘‘मध्यम’’, 201 से 300 को ‘‘खराब’’, 301 से 400 को ‘‘बहुत खराब’’ और 401 से 500 को ‘‘गंभीर’’ माना जाता है। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली द्वारा दिल्ली के लिए आने वाले दिनों में इसी प्रकार का वायु गुणवत्ता पूर्वानुमान जारी किया गया है। निर्णय समर्थन प्रणाली के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को दिल्ली के वायु प्रदूषण में परिवहन उत्सर्जन का सबसे बड़ा योगदान रहा, जो कुल उत्सर्जन का 15.6 प्रतिशत था।

रविवार को कैसा रहेगा मौसम

मौसम की बात करें तो दिल्ली में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को आसमान साफ ​​रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *