वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की चुनावी प्रणाली की सराहना करते हुए अमेरिका में सख्त चुनावी कानून लागू करने के लिए SAVE अमेरिका एक्ट का जोरदार समर्थन किया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में हर मतदाता को वैध फोटो पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य है।
ट्रुथ सोशल पर सोमवार को पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, “इस महीने की शुरुआत में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हमारे प्रशासन से पूछा-अमेरिका में वैध फोटो आईडी के बिना चुनाव कैसे हो सकते हैं? भारत के पिछले चुनाव में 64.6 करोड़ मतदाताओं ने भाग लिया। एक प्रतिशत से भी कम ने डाक मतपत्र से वोट डाला और हर मतदाता के पास वैध फोटो पहचान दस्तावेज था। हमें अभी SAVE अमेरिका एक्ट पारित करना चाहिए।”
भारत के चुनाव सिस्टम की तारीफ़
ट्रंप ने भारत के हालिया लोकसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए बताया कि इतने बड़े पैमाने पर चुनाव होने के बावजूद पोस्टल बैलट का इस्तेमाल बहुत कम हुआ। उन्होंने दावा किया कि भारत की व्यवस्था चुनावी धोखाधड़ी रोकने में प्रभावी है। SAVE अमेरिका एक्ट में मतदाता पंजीकरण के लिए नागरिकता का प्रमाण, मतदान के समय फोटो आईडी अनिवार्य करने और डाक मतदान को सीमित करने के प्रावधान हैं। ट्रंप इसे चुनावी धोखाधड़ी रोकने का जरिया बताते हैं।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी ट्रंप के बयान का समर्थन किया और कहा कि भारत में 64.6 करोड़ मतदाताओं में से हर एक के पास आईडी थी। सीईसी ज्ञानेश कुमार हाल ही में अमेरिकी राजदूत से मिले थे। हालांकि, सीनेट में यह बिल अभी अटका हुआ है और दोनों दलों में मतभेद हैं। ट्रंप प्रशासन इसे प्राथमिकता दे रहा है।