निर्वाचन आयोग की बैठक, राजनीतिक दलों से चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने का आग्रह

Election Commission meeting: (पटना): बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार निर्वाचन आयोग ने शनिवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी भी मौजूद थे।

लोकतंत्र की आधारशिला हैं राजनीतिक दल

निर्वाचन आयोग ने दलों से अपील की कि वे लोकतंत्र की मजबूत नींव होने के नाते चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ पूरी सक्रियता से भाग लें। साथ ही आयोग ने चुनाव के पर्व को शांति और सौहार्द्रपूर्ण माहौल में मनाने के लिए सभी दलों से सहयोग की उम्मीद जताई। आयोग ने दलों को याद दिलाया कि चुनाव की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हर मतदान केंद्र पर अपने पोलिंग एजेंटों की नियुक्ति करना अनिवार्य है। इस कदम से चुनाव में अनुशासन और निगरानी बढ़ेगी।

मतदाता केंद्रों पर सीमा तय

हाल ही में संपन्न विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को आयोग ने पारदर्शी और प्रभावी प्रक्रिया बताया। इस अभियान में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी के लिए आयोग ने उनका धन्यवाद किया। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि प्रत्येक मतदाता केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाताओं की संख्या निर्धारित की गई है, जिसे राजनीतिक दलों ने सकारात्मक कदम माना। इससे चुनावी प्रक्रिया में सुधार और सुविधा बढ़ेगी।

चुनाव के लिए छठ के बाद मतदान कराने की मांग

आपको बता दें कि बिहार में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए दलों ने छठ पर्व के तुरंत बाद चुनाव कराने और मतदान को कम चरणों में आयोजित करने का सुझाव दिया है ताकि अधिकतम मतदाता मतदान में भाग ले सकें। डाक मतपत्रों की गिनती और फॉर्म 17सी से जुड़े नए प्रावधानों को भी सभी दलों ने समर्थन दिया है। सभी दलों ने आयोग पर विश्वास जताते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने का भरोसा दिलाया। निर्वाचन आयोग ने कहा कि राजनीतिक दलों के सहयोग से बिहार विधानसभा चुनाव लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ के रूप में संपन्न होंगे, जिससे जनता का विश्वास और बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *