60 years of 1965 war completed: (नई दिल्ली): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को 1965 की भारत-पाक युद्ध की 60वीं वर्षगांठ पर आयोजित एक समारोह में हिस्सा लिया और उस ऐतिहासिक युद्ध में पाकिस्तान को शिकस्त देने वाले वीर सैनिकों से मुलाकात की। समारोह के दौरान उन्होंने कहा, “मातृभूमि की रक्षा करने वाले हर सैनिक का सम्मान और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पूर्व सैनिकों और सेवारत जवानों को आश्वस्त किया कि सैन्य बलों को किसी संसाधन की कमी नहीं होने दी जाएगी, चाहे वह सम्मान हो या अत्याधुनिक सैन्य साजोसामान।
रक्षा मंत्री ने वीरता दिखाने वाले अधिकारियों और जवानों को नमन करते हुए कहा कि सरकार हमेशा उनकी कृतज्ञ रहेगी और सैनिकों के गौरव की रक्षा करना उसका कर्तव्य है। राजनाथ सिंह ने कहा, “1965 के युद्ध के दौरान शास्त्री जी ने न केवल निर्णायक राजनीतिक नेतृत्व दिया, बल्कि उन्होंने पूरे देश का मनोबल भी इतना बुलंद किया कि हर भारतीय ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने कर्तव्य को सर्वोपरि माना।” उन्होंने यह भी बताया कि उस समय भारत को अनेक अनिश्चितताओं और चुनौतियों का सामना करना पड़ा था, लेकिन शास्त्री जी की इच्छाशक्ति और स्पष्ट सोच ने पूरे देश को मजबूती से आगे बढ़ाया।
सैनिकों की अद्भुत बहादुरी और शहीदों को श्रद्धांजलि
रक्षा मंत्री ने युद्ध में भाग लेने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के साथ संवाद किया और 1965 के शहीद नायकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय सैनिक ने अपनी जान की परवाह किए बिना देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा की। उन्होंने कहा, “हमारे सैनिकों ने दिखाया कि मातृभूमि की रक्षा के लिए बलिदान देना हमारा परम कर्तव्य है।”
ऑपरेशन सिंदूर दुश्मनों के लिए है कड़ा संदेश
राजनाथ सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए बताया कि यह अभियान भारत की ताकत और संकल्प का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने कहा, “इस ऑपरेशन के दौरान हमारी सेनाओं ने जिस समन्वय और साहस का परिचय दिया, उसने दुश्मनों को साफ संदेश दिया कि भारत की जीत कोई संयोग नहीं बल्कि उसकी आदत बन चुकी है।”
1965 की प्रमुख लड़ाइयां और वीरता की मिसाल
उन्होंने असल उत्तर की लड़ाई, चाविंडा की लड़ाई और फिलोरा की लड़ाई का विशेष जिक्र किया, जहाँ भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय वीरता दिखाई। खासकर परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद की बहादुरी को याद करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, “उनकी बहादुरी ने साबित कर दिया कि बहादुरी हथियार के आकार से नहीं बल्कि दिल के आकार से होती है। उन्होंने दुश्मन के कई टैंकों को तबाह करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया।
पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत का जवाब
रक्षा मंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए बताया कि इस हमले ने भारत को गहरा आघात पहुंचाया, लेकिन भारत का मनोबल नहीं टूटा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवादियों को ऐसा जवाब देने का संकल्प लिया जिसे उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। इस संकल्प के तहत ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया गया, जिसमें आतंकवादी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया।
भारत की चुनौतियां और भारतीयों की मजबूती
सिंह ने यह भी कहा कि स्वतंत्रता के बाद भारत को पड़ोसी देशों से हमेशा चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, लेकिन भारतीय कभी हार मानने वाले नहीं रहे। उन्होंने कहा, “हमने हमेशा अपने भाग्य को स्वयं गढ़ा है। चाहे कितनी भी मुश्किलें आईं, भारतीयों ने कभी हार नहीं मानी और अपने देश की सुरक्षा और विकास के लिए काम किया।”