PM Modi 75th Birthday: (न्यूयॉर्क/मॉस्को)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सहित कई देशों के नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं। ट्रंप ने मोदी को फोन कर बधाई दी और रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने में उनके सहयोग के लिए धन्यवाद भी जताया। वहीं पुतिन ने भारत-रूस संबंधों को मजबूत बनाने में मोदी के योगदान की सराहना की। पीएम मोदी ने भी इन संदेशों के लिए धन्यवाद किया और भारत-विदेश संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का भरोसा दिलाया।
ट्रंप ने मोदी को फोन कर दी जन्मदिन की बधाई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मोदी को उनके 75वें जन्मदिन से एक दिन पहले फोन किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनके बीच बातचीत बहुत अच्छी रही। ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में मोदी के सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया। इस फोन कॉल को अमेरिका और भारत के बीच रिश्तों को सुधारने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “अभी-अभी अपने मित्र, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बहुत अच्छी बातचीत हुई। मैंने उन्हें जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। नरेंद्र, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त करने में आपके समर्थन के लिए धन्यवाद।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक्स’ पर ट्रंप के इस कॉल और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा, “मेरे मित्र, राष्ट्रपति ट्रंप, मेरे 75वें जन्मदिन पर आपके फोन कॉल और हार्दिक बधाई के लिए धन्यवाद।”पीएम मोदी ने कहा कि वह अमेरिका के साथ अपने व्यापक और वैश्विक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
राष्ट्रपति पुतिन ने भी दी पीएम मोदी को बधाई
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी प्रधानमंत्री मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई दी है। पुतिन ने मॉस्को और नई दिल्ली के बीच चल रहे सहयोग को मजबूत बनाने में मोदी के “व्यक्तिगत योगदान” की प्रशंसा की। क्रेमलिन की वेबसाइट पर जारी संदेश में पुतिन ने कहा, “प्रिय प्रधानमंत्री जी, कृपया अपने 75वें जन्मदिन के अवसर पर मेरी ओर से हार्दिक बधाई स्वीकार करें।”
पुतिन ने आगे कहा कि मोदी ने भारत को विश्व मंच पर उच्च सम्मान दिलाया है और सामाजिक, आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी क्षेत्रों में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत और रूस के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी मजबूत हो रही है और दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में लाभकारी सहयोग बढ़ रहा है।
शंघाई सहयोग संगठन सम्मेलन में हुई मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन हाल ही में चीन के तियानजिन शहर में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में भी मिले थे। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन पर दुनिया के कई अन्य नेता और गणमान्य व्यक्तियों ने भी शुभकामनाएं दी हैं। मोदी के नेतृत्व में भारत ने कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रगति की है, जिससे देश की प्रतिष्ठा विश्व स्तर पर बढ़ी है।