Manohar Lal on PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने देशवासियों को बधाई देते हुए “सेवा पखवाड़ा” की शुरुआत की है। इस 15 दिवसीय अभियान के तहत देशभर में स्वच्छता और अन्य सामाजिक कार्य किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि 25 सितंबर को स्वच्छता का एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी नागरिकों से एक दिन, एक घंटा अपने आस-पास सफाई करने का आह्वान किया गया है। यह पखवाड़ा 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन समाप्त होगा।
भलस्वा लैंडफिल साइट पर निरीक्षण
मनोहर लाल ने दिल्ली की सबसे बड़ी कूड़ा-भवनियों में से एक भलस्वा लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर करीब 25 एकड़ जमीन को पहले ही साफ किया जा चुका है। इसमें से 5 एकड़ पर बांबू गार्डन तैयार किया जा रहा है, जबकि बाकी 20 एकड़ क्षेत्र को स्वच्छता कार्यों में उपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभी यहां करीब 45 लाख मीट्रिक टन कूड़ा शेष है, जिसे 2 अक्टूबर से पहले हटाने का संकल्प लिया गया है। “मैं स्वयं इस प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग कर रहा हूं और सभी विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि एक साल के भीतर इस कूड़े के पहाड़ को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाए,”
कर्मचारियों को मिलेगा प्रोत्साहन
उन्होंने कहा भलस्वा समेत तीनों लैंडफिल साइट पर काम कर रहे कर्मचारियों को दिवाली पर ₹5000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इन कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच की जाएगी ताकि उन्हें किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या न हो।
स्वच्छता का राष्ट्रीय संकल्प
मनोहर लाल ने जनता से अपील की कि वे कूड़ा फैलाने से बचें और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने बताया कि कूड़े से विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण को भी लाभ होगा। जल्द ही केंद्रीय मंत्री दिल्ली की बाकी दो लैंडफिल साइट्स (गाजीपुर और ओखला) का भी निरीक्षण करेंगे ताकि वहां की स्थिति की समीक्षा की जा सके।