स्वतंत्रता दिवस से पहले केंद्रीय मंत्री खट्टर का ट्वीट, लिखा-हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ बना जनआंदोलन

Independence Day: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ अभियान को लेकर देशवासियों को प्रेरित किया है। एक ट्वीट के माध्यम से उन्होंने राष्ट्रध्वज और स्वच्छता के महत्व पर बल देते हुए इसे मां भारती के प्रति दृढ़ संकल्प करार दिया।

तिरंगा राष्ट्र का गौरव

खट्टर ने लिखा कि “हमारा तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव, साहस, शौर्य और अभिमान का प्रतीक है। यह हर भारतीय के हृदय में देशभक्ति की भावना जागृत करता है।” उन्होंने याद दिलाया कि आज से 11 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से स्वच्छ भारत का आह्वान किया था, जिसने अब एक जन आंदोलन का रूप ले लिया है।

स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ महज एक अभियान नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति हमारी आस्था और भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उनके अनुसार, “तिरंगा हमारी आन-बान-शान है और स्वच्छता हमारे संस्कार, सभ्यता और भविष्य की पहचान है।”खट्टर ने जनता से स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को फिर से दोहराने और स्वच्छ भारत के निर्माण में निरंतर योगदान देने की अपील की।

भारत जिम्मेदार और जागरूक

पीएम मोदी की स्वचछता अभियान की फोटो शेयर करते हुए खट्टर ने कहा कि आज का भारत एक जागरूक, ज़िम्मेदार और स्वाभिमानी राष्ट्र बन चुका है, जो न केवल तिरंगे को गर्व से फहराता है, बल्कि स्वच्छता जैसे मूल्यों को भी जीवनशैली का हिस्सा बना रहा है। अभियान को लेकर सोशल मीडिया पर #हरघरतिरंगा और #हरघरस्वच्छता जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं। देशभर में लोग अपने घरों में तिरंगा लगाने के साथ-साथ स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *