लखनऊ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ, CM योगी ने बताया राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक

Har Ghar Tiranga campaign: (लखनऊ): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को राजधानी लखनऊ से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने तिरंगे को राष्ट्रीय गौरव, आज़ादी के संघर्ष और बलिदान की प्रतीक बताते हुए इसे हर भारतीय के घर में फहराने का आह्वान किया।

यह आयोजन लखनऊ के कालिदास मार्ग पर आयोजित किया गया, जिसमें उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्रीगण और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में देशभक्ति और राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

देश अब कर चुका है अमृत काल में प्रवेश

उन्होंने कहा, “हमारा देश अब आज़ादी के 78 वर्ष पूरे कर अमृत काल में प्रवेश कर चुका है। ऐसे समय में हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह संविधान, राष्ट्रीय प्रतीकों और उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान प्रकट करे, जिनके बलिदान से आज हम आज़ाद भारत में सांस ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि तिरंगा यात्रा सिर्फ एक प्रतीकात्मक मार्च नहीं, बल्कि भारत माता, वीर सैनिकों, क्रांतिकारियों और हमारे महान नेताओं के प्रति आभार की अभिव्यक्ति है।

उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से हर गाँव, कस्बा और जिला देशभक्ति की एक अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। योगी आदित्यनाथ ने विशेष रूप से युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा, “हर भारतीय घर में तिरंगा फहराया जाना चाहिए। यह न केवल हमारी एकता का प्रतीक है, बल्कि यह हमारी सेना के शौर्य, और देश के गौरव को सम्मान देने का माध्यम भी है।”

दुनिया ने भारतीय सेना की बहादुरी को देखा

सीएम योगी ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया ने भारतीय सेना की बहादुरी को देखा है, और अब समय है कि देश की जनता भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बने।मुख्यमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि वे समाज को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहें और इस अवसर का उपयोग एकजुटता व राष्ट्रभक्ति के संदेश को फैलाने में करें। अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *