सांसद की चेन छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने बरामद किया आभूषण

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में हुई एक सनसनीखेज घटना में तमिलनाडु से कांग्रेस सांसद आर. सुधा की सोने की चेन झपटने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से छीनी गई चेन भी बरामद कर ली गई है।

चाणक्यपुरी में छीनी थी चेन

यह घटना सोमवार सुबह की है जब सांसद आर. सुधा तमिलनाडु भवन के पास सुबह की सैर पर निकली थीं। उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर आया और तेजी से उनकी सोने की चेन छीन ली। इस छीना-झपटी में सांसद के कपड़े फट गए और उन्हें मामूली चोटें भी आईं। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी।

दिल्ली पुलिस ने दी जानकारी

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा, “सांसद की चेन छीनने का मामला सुलझ गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और चेन बरामद कर ली गई है। शेष जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी।” सांसद से जुड़ी यह घटना न केवल दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि वीआईपी इलाकों में भी अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

यह मामला महिला सुरक्षा से भी जुड़ा है, जो देशभर में पहले से ही एक संवेदनशील विषय बना हुआ है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह अकेला था या उसके पीछे कोई संगठित गिरोह काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *