CM Rekha Gupta:(नई दिल्ली): दिल्ली में भारी बारिश के बाद संभावित जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां-जहां जलभराव की स्थिति बनी है, वहां त्वरित निरीक्षण, समस्या की पहचान और तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी के कई इलाकों में जलभराव की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं, जिससे नागरिकों को परेशानी होती है। हालांकि इस बार दिल्ली सरकार की समय पर तैयारी और समन्वित प्रयासों के कारण कुछ संवेदनशील इलाकों जैसे कि मिंटो ब्रिज और आईटीओ चौराहा में जलभराव की स्थिति नहीं बनी। उन्होंने इसे अधिकारियों की तत्परता, तकनीकी दक्षता और कार्यकुशलता का नतीजा बताया। सीएम गुप्ता ने कहा “दिल्ली में इस बार हमने देखा कि मिंटो ब्रिज और आईटीओ जैसे क्षेत्र जलभराव से मुक्त रहे। अब यही तत्परता हमें दिल्ली के अन्य इलाकों में भी दिखानी होगी।”
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जलभराव की समस्या को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं ताकि एक स्थायी समाधान तैयार किया जा सके। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी कहा कि बारिश से पहले और बाद की निगरानी प्रणाली को और मजबूत किया जाए। ड्रेनेज सिस्टम की नियमित सफाई, जलभराव वाले इलाकों की पहचान, और तकनीकी समाधान जैसे स्मार्ट सेंसर या रियल-टाइम अलर्ट सिस्टम पर भी तेजी से काम हो।
दीर्घकालिक समाधान पर दिया जोर
रेखा गुप्ता ने आश्वासन दिया कि दिल्ली सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है और यह सुनिश्चित करेगी कि बारिश के दौरान किसी भी नागरिक को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि भविष्य में राजधानी को जलभराव मुक्त बनाने के लिए सरकार दीर्घकालिक नीति पर भी कार्य कर रही है।