Delhi encroachment: दिल्ली सरकार ने अतिक्रमण के खिलाफ महाअभियान चलाते हुए 1034 किलोमीटर सड़क और फुटपाथ को कब्जा मुक्त कराया है। इससे वाहनों और पदयात्रियों को आवागमन में आसानी होगी। बता दें कि यह कार्रवाई दिल्ली में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस वर्ष के पहले पांच महीनों (जनवरी से मई 2025) में की गई है।
दिल्ली सरकार के अनुसार कुल 1,034.37 किलोमीटर सड़कों, फुटपाथों और सर्विस लेनों को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। यह कार्यवाही विशेष कार्य बल (STF) की निगरानी में की गई, जिसे वर्ष 2018 में सार्वजनिक व निजी भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण हटाने के लिए गठित किया गया था।
किन एजेंसियों ने कितना कार्य किया?
दिल्ली नगर निगम (MCD): 584 किलोमीटर सड़कों को कब्जा मुक्त कराया। जबकि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC): 390.61 किलोमीटर सड़कों को फ्री कराया। वहीं लोक निर्माण विभाग (PWD): 59.56 किलोमीटर सड़कों से अतिक्रमण हटवाया। बता दें कि दिल्ली में एमसीडी के अधीन 15,582 किलोमीटर लंबाई की सड़कें आती हैं, जो 60 फुट चौड़ाई से कम हैं। वहीं, पीडब्ल्यूडी 1,400 किलोमीटर चौड़ी सड़कों का प्रबंधन करता है, जो 60 फुट या उससे अधिक चौड़ी हैं।
किस तरह के अतिक्रमण को हटाया
अभियान के दौरान 227,071.94 वर्ग मीटर अस्थायी ढांचों वाली जगह खाली कराई गई। इसके अलावा 1,029.44 वर्ग मीटर स्थायी ढांचों के कब्जे हटाए गए। 11,726 वस्तुएं जब्त की गईं। इनमें सड़क पर रखे स्टॉल, रेहड़ियां, ठेले, टेबल-कुर्सियां और अन्य अवैध रूप से रखे सामान शामिल हैं। ज़ब्त सामानों को स्थानीय गोदामों में रखा गया है।
आगे की सिफारिशें
एसटीएफ ने सुझाव दिया है कि सभी भूमि स्वामी एजेंसियां सार्वजनिक ज़मीन की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो। दिल्ली पुलिस, MCD, NDMC और PWD मिलकर भविष्य में स्थायी निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।