प्रधानमंत्री मोदी को मिला ब्राजील का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान, संबंधों को मिली नई उड़ान

PM Modi in BRICS Summit:(ब्रासीलिया):भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्राजील सरकार द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला डी सिल्वा ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया। यह पुरस्कार उन्हें भारत और ब्राजील के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, वैश्विक मंचों पर साझेदारी को प्रोत्साहित करने, और दक्षिण-दक्षिण सहयोग को बढ़ावा देने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

ब्राजील का सबसे प्रतिष्ठित नागरिक पुरस्कार

ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस सम्मान ब्राजील का सबसे प्रतिष्ठित नागरिक पुरस्कार है, जो केवल चुनिंदा वैश्विक नेताओं और प्रतिष्ठित हस्तियों को दिया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान मिलने से भारत-ब्राजील संबंधों की गहराई और मजबूती का प्रतीक सामने आया है। पुरस्कार समारोह के दौरान दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी भरा आदान-प्रदान देखने को मिला।

पीएम मोदी ने कही ये बड़ी बात

सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा”आज राष्ट्रपति द्वारा ब्राजील के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होना न केवल मेरे लिए, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के लिए भी अत्यंत गर्व और भावना का क्षण है।” उन्होंने ब्राजील के राष्ट्रपति, सरकार और जनता का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान भारत के प्रत्येक नागरिक की उपलब्धियों और योगदान को मान्यता देता है।

पीएम मोदी का 26वां अंतरराष्ट्रीय नागरिक सम्मान

बता दें कि मई 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी को यह 26वां अंतरराष्ट्रीय नागरिक सम्मान प्राप्त हुआ है। इससे पहले उन्हें रूस, अमेरिका, सऊदी अरब, यूएई, फ्रांस, अफगानिस्तान और कई अन्य देशों द्वारा भी शीर्ष सम्मानों से नवाजा जा चुका है। यह सम्मान भारत की वैश्विक छवि, नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में उसकी बढ़ती भूमिका को दर्शाता है

भारत-ब्राजील की द्विपक्षीय वार्ता

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी आयोजित की गई, जिसमें व्यापार, निवेश, जलवायु परिवर्तन, सतत विकास, रक्षा और खाद्य सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने वैश्विक मंचों पर एक-दूसरे के दृष्टिकोण का समर्थन करने पर भी सहमति जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *