Kargil Vijay Diwas: भारतीय सेना ने सोमवार को 1999 के करगिल युद्ध के दौरान अदम्य साहस और वीरता का परिचय देने वाले कैप्टन विक्रम बत्रा को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सेना ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले इस वीर योद्धा के पराक्रम और उनके नेतृत्व को याद करते हुए उन्हें सलाम किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उनके बलिदान को किया याद
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कैप्टन बत्रा को उनके बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि करगिल युद्ध के दौरान उनकी अद्वितीय बहादुरी और बलिदान राष्ट्र की सेवा में साहस का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा, “उनके बलिदान दिवस पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।”
सेना ने शहादत को किया सलाम
इस वर्ष करगिल विजय दिवस के अवसर पर सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा किया जिसमें कैप्टन बत्रा के युद्धकालीन पराक्रम का संक्षिप्त वीडियो भी शामिल था। पोस्ट में बताया गया कि जम्मू-कश्मीर राइफल के इस साहसी अधिकारी ने 7 जुलाई 1999 को ‘प्वाइंट 5140’ पर बिना हथियारों के आमने-सामने की लड़ाई में चार दुश्मनों को मार गिराया और अपनी कंपनी का नेतृत्व करते हुए सफलतापूर्वक कब्जा किया।
मिला था परमवीर चक्र
सेना ने आगे बताया कि ‘प्वाइंट 4875’ पर कब्जा करने के लिए चलाए गए एक और अभियान में भी उन्होंने दुश्मन के सामने अदम्य साहस का परिचय दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हमला जारी रखा और पांच दुश्मन सैनिकों को नजदीक से मार गिराया। उनके असाधारण नेतृत्व से प्रेरित होकर सेना ने अंततः उस महत्वपूर्ण प्वाइंट पर कब्जा किया। कैप्टन विक्रम बत्रा को मरणोपरांत भारत का सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से नवाजा गया था। उनके बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा। इस वर्ष 26 जुलाई को पूरे देश में ‘करगिल विजय दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा, जब भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ के तहत करगिल की बर्फीली चोटियों पर पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक जीत हासिल की थी।
मनोहर लाल खट्टर ने भी किया नमन
मनोहर लाल खट्टर ने भी कहा माँ भारती के अमर सपूत एवं कारगिल विजय के वीर योद्धा, परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा के बलिदान दिवस पर उन्हे भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। मातृभूमि के लिए उनकी प्रतिबद्धता युवाओं को सदैव राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरणा देती रहेगी।
सीएम सैनी ने भी दी श्रद्धांजलि
सीएम सैनी ने भी कैप्टन विक्रम बत्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कारगिल युद्ध के दौरान हिमालय की दुर्गम पहाड़ियों में पाकिस्तान के विरुद्ध अदम्य वीरता और पराक्रम का प्रदर्शन करते हुए, अपने प्राणों की आहुति देने वाले भारत के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित, कैप्टन विक्रम बत्रा जी के बलिदान दिवस पर उन्हें शत्-शत् नमन और विनम्र श्रद्धांजलि। माँ भारती के ऐसे वीर सपूत के साहस, सेवा और त्याग का शौर्यगान आज भी हर भारतीय के हृदय में ओज का संचार और देशभक्ति की अपरिमित भावना जागृत करती है। जय हिन्द !