जगरेब में बोले पीएम मोदी, युद्ध नहीं संवाद और कूटनीति ही समस्याओं का समाधान

पीएम मोदी और प्रधानमंत्री प्लेंकोविक

जगरेब (क्रोएशिया): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को क्रोएशिया की राजधानी जगरेब में अपने समकक्ष आंद्रेज प्लेंकोविक से द्विपक्षीय वार्ता की। वार्ता के बाद एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और क्रोएशिया इस बात पर सहमत हैं कि “चाहे यूरोप हो या एशिया, समस्याओं का समाधान युद्ध के मैदान से नहीं, बल्कि संवाद और कूटनीति से ही निकल सकता है।”

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा ऐतिहासिक रही, क्योंकि वह क्रोएशिया की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवता का शत्रु है और लोकतांत्रिक देशों के लिए एक साझा खतरा है। उन्होंने क्रोएशिया द्वारा सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत के समर्थन की सराहना की।

वार्ता में कई क्षेत्रों में सहयोग पर बनी सहमति

दोनों देशों के बीच कृषि, संस्कृति, विज्ञान और इंडोलॉजी अध्ययन जैसे क्षेत्रों में चार समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अतिरिक्त रक्षा, फार्मास्यूटिकल्स, सूचना प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, जहाज निर्माण, और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को गहराने पर सहमति बनी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तीसरे कार्यकाल के साथ भारत और क्रोएशिया ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को तीन गुना गति देने का संकल्प लिया है। “हमारा उद्देश्य व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी को नए स्तर पर ले जाना है,” उन्होंने कहा।

भारत-यूरोप संबंधों को मज़बूती देने पर ज़ोर

दोनों नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता को गति देने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रधानमंत्री प्लेंकोविक ने भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) को “क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए बेहतरीन अवसर” बताया। प्लेंकोविक ने कहा कि रूस-यूक्रेन संघर्ष और इज़राइल-ईरान तनाव जैसे मुद्दों पर भी दोनों नेताओं ने विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा, “भारत जैसे प्रभावशाली राष्ट्रों का शांति और अंतरराष्ट्रीय नियमों के सम्मान में योगदान महत्वपूर्ण है।”

सांस्कृतिक संबंधों को भी मिली मजबूती

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि जगरेब विश्वविद्यालय में ‘हिंदी चेयर’ की अवधि 2030 तक बढ़ा दी गई है और एक पांच वर्षीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम भी शुरू किया गया है। उन्होंने क्रोएशिया में योग की लोकप्रियता की भी सराहना की।

एक्स पर पोस्ट करते हुए मोदी ने लिखा, “हम भारत और क्रोएशिया के बीच सांस्कृतिक और लोगों से लोगों के बीच संबंधों को और गहरा करने को उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा उनके तीन देशों के दौरे का अंतिम चरण है। वे कनाडा से सीधे क्रोएशिया पहुंचे जहां प्रधानमंत्री प्लेंकोविक ने स्वयं हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी राष्ट्रपति जोरान मिलनोविक से भी मुलाकात करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *