covid-19 update: (नई दिल्ली): देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में पिछले कुछ हफ्तों से लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही थी, लेकिन अब आंकड़ों में सुधार दिखाई दे रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में एक्टिव कोविड केस घटकर 6836 रह गए हैं, जो सोमवार को 7,264 थे। यानी सिर्फ दो दिनों में 428 एक्टिव केस कम हुए हैं।
रिकवरी दर बेहतर
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 1,168 मरीज ठीक हुए और केवल 2 लोगों की मौत हुई है। जान गंवाने वाले मरीज महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल से थे।
महाराष्ट्र में भी केस कम, मुंबई में 17 नए संक्रमित
महाराष्ट्र, जो देश में लंबे समय से कोरोना के मामलों का बड़ा केंद्र रहा है, वहां भी संक्रमण दर में कमी देखी गई है। मंगलवार को राज्य में 67 नए मामले सामने आए, जिनमें से 17 मरीज मुंबई के थे। इस साल अब तक महाराष्ट्र में कोविड से 31 लोगों की मौत हो चुकी है।
ढील न दें, सतर्क रहें
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि भारत जैसे विशाल और घनी आबादी वाले देश में कोरोना के मामलों का ऊपर-नीचे होना सामान्य है। ऐसे में पूरी तरह से लापरवाही करना ठीक नहीं होगा। वे कहते हैं कि संक्रमण को नियंत्रण में रखने के लिए जरूरी है कि लोग अब भी मास्क पहने भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचें हाथों की स्वच्छता बनाए रखें
कोरोना अभी गया नहीं है
हालांकि वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन वायरस का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। सरकार और विशेषज्ञ दोनों ही जनता से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं ताकि देश एक बार फिर किसी बड़ी लहर का सामना न करे। भारत में कोरोना की स्थिति में सुधार राहत की बात है, लेकिन सावधानी अब भी जरूरी है। हेल्थ प्रोटोकॉल का पालन करना ही आने वाले दिनों में संक्रमण से बचाव की सबसे बड़ी कुंजी होगा।