Iran Israel War:(तेहरान/तेल अवीव ): पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुँच गया है। इजरायली सेना (IDF) ने सोमवार को दावा किया है कि उसने ईरान की राजधानी तेहरान पर किए गए एक सटीक हवाई हमले में ईरान के सबसे वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मेजर जनरल अली शादमानी को मार गिराया है। अली शादमानी ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के अंतर्गत ‘ख़ातम-अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर’ के प्रमुख थे और सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेहद करीबी माने जाते थे।
IDF ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर इस ऑपरेशन की पुष्टि की। पोस्ट के अनुसार, “तेहरान के केंद्रीय क्षेत्र में एक सटीक हवाई हमले में मेजर जनरल अली शादमानी को ढेर कर दिया गया है। वह ईरानी सैन्य संरचना का एक महत्वपूर्ण स्तंभ थे। इस हमले को इज़राइली एयर फोर्स (IAF) ने गुप्त खुफिया जानकारी के आधार पर अंजाम दिया। हमले के वक्त शहर में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं और कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
ईरान का जवाबी हमला
तेहरान में इस हमले के बाद जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं और राजधानी का एक बड़ा हिस्सा दहशत में आ गया। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने भी इजरायल के कई शहरों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। तेल अवीव, पश्चिम यरुशलम, और दान ज़िले में विस्फोटों की पुष्टि हुई है। एक इमारत और बस को नुकसान पहुंचा, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ है।
ईरानी मीडिया के अनुसार, यह केवल “प्रारंभिक प्रतिक्रिया” है, और आने वाले दिनों में इजरायल को बड़े हमलों के लिए तैयार रहना चाहिए। साथ ही, ईरान ने यह भी चेतावनी दी है कि वह परमाणु अप्रसार संधि (NPT) से बाहर निकलने का विचार कर रहा है।
इजरायली कार्रवाई में खुफिया प्रमुख भी ढेर
इससे दो दिन पहले, 15 जून को IDF ने IRGC की खुफिया शाखा के प्रमुख मोहम्मद काज़ेमी और उनके डिप्टी हसन मोहाकेक को भी मार गिराया था। इस हमले में ईरानी खुफिया मुख्यालय का एक बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया।