उत्तर प्रदेश पुलिस में 60,000 से अधिक सिपाही नियुक्त, गृह मंत्री अमित शाह ने सौंपे नियुक्ति पत्र

मंत्री अमित शाह ने सौंपे नियुक्ति पत्र

Home Minister Amit Shah: (लखनऊ): उत्तर प्रदेश पुलिस में अब तक की सबसे बड़ी सीधी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत रविवार को लखनऊ में आयोजित एक भव्य समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नव-नियुक्त सिपाहियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी उपस्थित रहे।

समारोह का आयोजन डिफेंस एक्सपो मैदान में किया गया, जहां सबसे पहले संत कबीर नगर के सत्यम नायक को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इसके बाद अन्य जिलों के चयनित अभ्यर्थियों जैसे कि खीरी के प्रेम सागर, फर्रुखाबाद की शालिनी शाक्य, बलिया के उपेंद्र यादव, बरेली की शिल्पा सिंह, कानपुर देहात के बीनू बाबू, महोबा के योगेंद्र सिंह, उन्नाव के शिवांश पटेल, वाराणसी के मनीष त्रिपाठी और लखनऊ की रोशनजहां को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

60 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को मिला अवसर

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस सिविल भर्ती 2023 के तहत कुल 60,244 सिपाहियों की भर्ती की गई है। इनमें 48,196 पुरुष और 12,048 महिलाएं शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने संचालित किया, जिसमें कुल 48.17 लाख आवेदन प्राप्त हुए। खास बात यह रही कि इन आवेदनों में 15.49 लाख महिलाएं शामिल थीं। राज्य सरकार ने बताया कि इस विशाल भर्ती अभियान के बावजूद चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, तकनीकी रूप से उन्नत और सख्त निगरानी में संपन्न की गई। सभी चयनित अभ्यर्थियों को आधुनिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके लिए प्रशिक्षण केंद्रों की क्षमता भी बढ़ाई गई है।

‘ बन रहा है नए भारत का नया उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘नए भारत का नया उत्तर प्रदेश’ बन रहा है। उन्होंने अपने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पोस्ट में लिखा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा यूपी पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। यह सुरक्षित उत्तर प्रदेश की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।”

समारोह से पूर्व अमित शाह का अमौसी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “संस्कृति और साहित्य की धरती लखनऊ पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हार्दिक अभिनंदन।”

अमित शाह का संबोधन

अपने संबोधन में अमित शाह ने युवाओं को बधाई देते हुए कहा यह नियुक्ति सिर्फ एक नौकरी नहीं है बल्कि उत्तर प्रदेश को सुरक्षित, सक्षम और अपराधमुक्त बनाने का संकल्प है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में पुलिस बलों को आधुनिक और प्रभावशाली बनाया जा रहा है। यह भर्ती अभियान न केवल युवाओं के लिए रोजगार का अवसर है, बल्कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को नई मजबूती देने की दिशा में एक निर्णायक कदम भी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *