CM Nayab Singh Saini: (रेवाड़ी):हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेवाड़ी जिले को विकास की दिशा में एक बड़ा तोहफा देते हुए 288.31 करोड़ रुपये की लागत वाली 15 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम राव तुलाराम स्टेडियम में आयोजित धन्यवाद रैली के दौरान हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।)
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि रेवाड़ी को एक विकसित, शिक्षित और स्मार्ट जिला बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी, बल्कि युवाओं को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में नई उड़ान देने का काम करेंगी।
कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 193.94 करोड़ रुपये की 8 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें गांव सहादत नगर में 44.45 करोड़ की लागत से बने नर्सिंग कॉलेज, गांव धवाना और लिलोढ में 33 केवी सब-स्टेशन, और गांव सुरहेली में 2.38 करोड़ रुपये से बना स्पोर्ट्स स्टेडियम शामिल हैं। इसके साथ ही, रेवाड़ी में 95.14 करोड़ रुपये की लागत से बनी अत्याधुनिक जेल, और शाहजहांपुर रेलवे क्रॉसिंग पर 37.23 करोड़ की लागत से बने फोर लेन आरओबी (रेल ओवरब्रिज) का भी लोकार्पण किया गया।
नई योजनाओं की रखी गई नींव
मुख्यमंत्री ने 94.37 करोड़ रुपये की लागत से 7 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें धारूहेड़ा में नया बस स्टैंड, रेवाड़ी में 65.32 करोड़ की लागत से 18-बे बस स्टैंड और रोडवेज वर्कशॉप, राव तुलाराम स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, और गांव रतनथल से पाल्हावास तक लिंक रोड का निर्माण शामिल है।
जल संरक्षण पर भी जोर
CM सैनी ने जल संकट को गंभीरता से लेते हुए रेवाड़ी की अनाज मंडी में इंडो-जापानी तकनीक से वर्षा जल संचयन टैंक निर्माण की योजना की आधारशिला रखी, जिसकी लागत 2.36 करोड़ रुपये होगी। साथ ही, नगर परिषद क्षेत्र में भी 2.07 करोड़ रुपये की लागत से ऐसे ही टैंकों का निर्माण किया जाएगा।
नई सार्वजनिक लाइब्रेरी का ऐलान
मुख्यमंत्री ने रैली के दौरान रेवाड़ी में एक आधुनिक सार्वजनिक लाइब्रेरी स्थापित करने का ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक सशक्त संसाधन केंद्र बनेगी।
कई वरिष्ठ नेता की मौजूदगी
इस भव्य आयोजन में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, बाबा बालक नाथ, विधायक लक्ष्मण यादव समेत कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। भारी भीड़ ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।