कुरुक्षेत्र में योग मैराथन का आयोजन, सीएम नायब सैनी ने दिखाई हरी झंडी

सीएम नायब सैनी

Yoga Marathon in Kurukshetra: (कुरुक्षेत्र):अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत आज कुरुक्षेत्र के पवित्र ब्रह्म सरोवर पर भव्य योग मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरी झंडी दिखाकर की। इस अवसर पर हजारों की संख्या में युवाओं, नागरिकों व योग प्रेमियों ने भाग लिया और योग एवं स्वास्थ्य के प्रति अपने समर्पण का परिचय दिया।

सीएम सैनी ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह

मुख्यमंत्री ने इस सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यह मैराथन 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए एक सकारात्मक शुरुआत है। उन्होंने कहा कि योग दिवस के दिन कुरुक्षेत्र में लाखों लोग एक साथ योग करेंगे, जिससे प्रदेश और देश को एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने जानकारी दी कि मैराथन के विजेताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा और उन्हें पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

विपक्ष पर साधा निशाना

इस आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने धावकों पर फूलों की वर्षा की और उनके जोश को सराहा। उन्होंने कहा कि आज के समय में योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक संतुलन के लिए भी आवश्यक है। मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब विधानसभा उपचुनाव को लेकर कहा कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस व आम आदमी पार्टी दोनों से परेशान हो चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भाजपा को वहां से मजबूती मिलेगी और यही उपचुनाव भाजपा सरकार की शुरुआत का आधार बनेगा।

हरियाणा में अपराध पर कड़ा रुख

हरियाणा में बढ़ते अपराधों पर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला द्वारा की गई टिप्पणी पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। शाहाबाद में हाल ही में हुए गोलीकांड की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग अपराध में शामिल हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि अपराधियों को या तो अपराध छोड़ना होगा या हरियाणा। अपराध करके कोई भी अब कानून की पकड़ से बच नहीं सकेगा।

अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर व्यक्त किया शोक

मुख्यमंत्री ने अहमदाबाद में हुए हालिया विमान हादसे पर भी दुख जताया, जिसमें कुरुक्षेत्र जिले के गांव रामशरण माजरा की एक बेटी की दुखद मृत्यु हुई। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुखद घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री सैनी ने योग और स्वच्छ जीवनशैली को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आने वाले योग दिवस को सफल बनाने के लिए सभी से सहभागिता की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *