Chhattishgarh Nikay Chunav 2025: छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद यहां भी बीजेपी ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है। प्रदेश के 10 नगर निगम सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की है जबकि कांग्रेस नगर निगम में अपना खाता भी नहीं खोल पाई। वहीं, 49 नगर पालिका में बीजेपी को 35 तो कांग्रेस को 8 सीटों पर जीत मिली। आम आदमी पार्टी ने नगर पालिका चुनाव में अपना खाता खोल लिया है बोदरी की सीट आप के खाते में गई। जबकि 5 सीटें निर्दलीय के खाते में गई।
बता दें कि, छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों के लिए 11 फरवरी को वोटिंग हुई थी। आज नगर निकाय चुनाव के परिणाम घोषित हुए हैं। नगर पंचायत चुनाव में भी बीजेपी को बड़ी जीत हासिल हुई है। नगर पंचायत की 114 सीटों में से बीजेपी ने 81, कांग्रेस ने 22 और बहुजन समाज पार्टी ने एक सीट पर जीत हासिल की है। जबकि 10 सीटें निर्दलीय के खाते में गई हैं।
चुनाव अधिकारी के मुताबिक, नगरीय निकाय चुनाव में 10 हजार से ज्यादा उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई थी। मतदान के लिए कुल 5,970 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इनमें से 1,531 को संवेदनशील और 132 अतिसंवेदनशील में रखा गया था। चुनाव अधिकारी ने बताया कि बसना नगर पंचायत के अध्यक्ष और विभिन्न नगर निकायों में 32 पार्षद निर्विरोध चुने गए हैं।
कांग्रेस की स्थिति चिंताजनक
निकाय चुनाव में मिली हार पर कांग्रेस नेता ईवीएम को निशाना बना रहे हैं। उनका कहना है कि बैलेट से वोटिंग होती तो हम जीतते, लेकिन ईवीएम की वजह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। उल्लेखनीय है कि, कई जिलों में स्ट्रांग रूम के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता पहरा देने के लिए दिन-रात डटे हुए थे। चुनाव में मिली हार के बाद ईवीएम पर सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं।
Read Also: Maharashtra: लव जिहाद पर फडणवीस सरकार सख्त, जबरन धर्मांतरण रोकने के लिए समिति गठित