Ind vs Eng Nagpur ODI Harshit Rana: भारत और इंग्लैंड के बीच तीनों मैचों की एकदिवसीय सीरीज की शुरुआत नागपुर के विदर्भ क्रिकेट स्टेडियम में हो गई है। पहले मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लिश टीम 248 रनों पर ढेर हो गई। इससे पहले भारत की ओर से दो युवा खिलाड़ियों को डेब्यू करने का मौका मिला।
टी-20 और टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करने वाले ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और तेज गेंदबाज हर्षित राणा को वनडे डेब्यू का मौका मिला। हर्षित राणा ने वनडे डेब्यू करते ही उस समय बड़ा ही शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया जब अपने तीसरे ही ओवर में 26 रन लुटा दिए। इस तरह वह एकदिवसीय डेब्यू में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए।
दरअसल, टॉस हारने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने डेब्यूटेंट हर्षित राण को मोहम्मद शमी के साथ गेंदबाजी का आगाज करने का जिम्मा सौंपा। शमी ने पहला ओवर फेंका और फिर हर्षित राणा डेब्यू मैच में अपना पहला फेंकने आए जिसमें उन्होंने 11 रन लुटा दिए। इसके बाद दूसरे ओवर में राणा ने एक भी रन नहीं दिया। हालांकि, उनके तीसरे ओवर में रनों की बारिश हो गई। हर्षित राणा का इस ओवर में फिल साल्ट से सामना हुआ।
इंग्लिश बल्लेबाज साल्ट ने इस ओवर में कुल तीन छक्के और दो चौके लगाते हुए 26 रन ठोक डाले। इसी के साथ वह डेब्यू एकदिवसीय मैच में ही एक ओवर में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए। हालांकि, इस शर्मनाक ओवर के बाद हर्षित राणा ने शानदार वापसी की और अपने चौथे ओवर में 2 विकेट लेकर सनसनी मचा दी।
डेब्यू मैच में 3 विकेट
बता दें कि, हर्षित राणा ने अपने चौथे ओवर में सबसे पहले बेन डकेट को अपना शिकार बनाया और फिर हैरी ब्रूक को डक पर चलता किया। इसके बाद लियाम लिविंगस्टोन को 5 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। इस तरह हर्षित राणा ने भारत के ओडीआई क्रिकेट के इतिहास में बड़ा करिश्मा कर दिया।
दरअसल, हर्षित राणा तीनों फॉर्मेट में अपने डेब्यू मैच में 3 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में पर्थ टेस्ट डेब्यू में 48 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे जबकि पुणे में टी-20 में पदार्पण करते हुए 33 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे। अब उन्होंने वनडे डेब्यू में भी यही कारनामा करते हुए नया इतिहास रच दिया है। नागपुर वनडे में 7 ओवर गेंदबाजी करते हुए 53 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
भारत की प्लेइंग इलेवन…
रोहित शर्मा (C), यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल, केएल राहुल (WK), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी।