CM योगी का बड़ा फैलला, जेवर एयरपोर्ट का नाम होगा नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट

Yogi Adityanath,

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट बैठक के बाद बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि नोएडा के जेवर में बन रहे एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा जाएगा। इसे नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की 25 साल की सेवा यात्रा जनसेवा से जनकल्याण और जनभागीदारी से जनविश्वास की अनूठी मिसाल है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व और उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता से प्रेरणा लेकर उत्तर प्रदेश ने शासन की नई कार्य संस्कृति अपनाई है। इसके परिणामस्वरूप सुशासन, मजबूत कानून व्यवस्था, आधुनिक बुनियादी ढांचे और निवेश के अनुकूल वातावरण के कारण प्रदेश की पहचान बनी है। उत्तर प्रदेश अब नए आत्मविश्वास के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

पीएम मोदी के 25 साल के कार्यकाल पर अभिनंदन

सीएम योगी ने कहा कि 7 अक्टूबर देश के इतिहास में गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है। सरकार के प्रमुख के रूप में समर्पित सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश का मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन करता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए यह विशेष गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री इसी प्रदेश की धरती से लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘सेवा ही समर्पण’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ को अपना मूलमंत्र बनाया है। राष्ट्र निर्माण को उन्होंने अपना सर्वोच्च ध्येय माना है। योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की यात्रा जनसेवा से जनकल्याण और जनभागीदारी से जनविश्वास तक पहुंचने की अनूठी मिसाल है।

काशी से शुरू हुआ रिश्ता, विकास बना आधार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों के बीच बेहद आत्मीय रिश्ता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में काशी आने पर प्रधानमंत्री ने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। सीएम योगी के अनुसार, काशी और मां गंगा से शुरू हुआ यह आत्मीय संबंध समय के साथ और गहरा हुआ है। आज यही संबंध प्रदेश के सर्वांगीण बदलाव का आधार बना है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के साझा संकल्प तथा ‘टीम इंडिया’ की भावना के साथ उत्तर प्रदेश अभूतपूर्व प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

2017 से पहले की स्थिति का किया जिक्र

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश प्रशासनिक अस्थिरता, लोगों में असुरक्षा की भावना और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता से प्रेरणा लेकर प्रदेश ने शासन की नई कार्य संस्कृति अपनाई। इसके बाद सुशासन, मजबूत कानून व्यवस्था, आधुनिक बुनियादी ढांचे और निवेश के अनुकूल वातावरण को प्रदेश की पहचान बनाने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब नए आत्मविश्वास के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। कैबिनेट बैठक के बाद जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने की घोषणा भी इसी संबोधन का प्रमुख हिस्सा रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *