एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम ने जीता गोल्ड मेडल, फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराकर रचा इतिहास

India vs Sri Lanka Final: भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 147 रन से हरा दिया। निस्शिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 216 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि श्रीलंका को सिल्वर मेडल मिला। पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

मंधाना और शेफाली ने दी मजबूत शुरुआत

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। मंधाना ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 45 गेंदों पर 5 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 79 रन बनाए।

शेफाली वर्मा अर्धशतक से दो रन दूर रह गईं और 48 रन बनाकर आउट हुईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 19 रन का योगदान दिया। इसके बाद ऋचा घोष ने तेजी से रन बनाते हुए भारतीय पारी को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने 22 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए और भारती के साथ मिलकर 53 रन की साझेदारी की। भारत ने 20 ओवर में 216 रन बनाए, जो वुमेंस एशियन गेम्स के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर रहा।

श्रीलंका की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने बिखरी

217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। इमेशा दुलानी 10 गेंदों पर 3 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि हसिनी परेरा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने 21 गेंदों पर 29 रन बनाकर टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेली। उनके बाद कविशा दिलहारी ने 11 रन बनाए।

बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके और पूरी टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। श्री चरानी और श्रेयांका पाटिल को 2-2 विकेट मिले। इस तरह भारत ने फाइनल मुकाबला 147 रन से जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।

पीएम मोदी ने महिला टीम को दी बधाई

भारतीय महिला टीम की इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने टीम की शानदार जीत को भारतीय क्रिकेट के लिए गौरव का क्षण बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स में टीम का प्रदर्शन आत्मविश्वास, कौशल और बेहतरीन टीमवर्क से भरा रहा।

पीएम मोदी ने कहा कि इस जीत के साथ भारत को इस एशियन गेम्स में पहला गोल्ड मेडल मिला है। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट टीम ने देश को गौरवान्वित किया है और उसका प्रदर्शन देशभर के अनगिनत युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करेगा। प्रधानमंत्री ने पूरी टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *