Delhi Chunav Result: दिल्ली विधानसभा चुनाव का परिणाम 8 फरवरी शनिवार को घोषित किया जाएगा। चुनाव के नतीजों से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने किलेबंदी शुरू कर दी है। आज सभी प्रत्याशियों के साथ आप संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बैठक शुरू कर दी है। बताया गया कि इस बैठक में नतीजे वाले दिन के लिए पार्टी की तैयारियों और विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों को लेकर बैठक चल रही है। यह बैठक अरविंद केजरीवाल के आवास पर हो रही है।
आम आदमी पार्टी ने संभावित विधायकों की खरीद फरोख्त के आरोपों के बीच चुनाव लड़ रहे अपने प्रत्याशियों की बैठक बुलाई। जिसमें संभावित सरकार को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। आप के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत से बन रही है, मगर बीजेपी माहौल खराब करने के लिए फर्जी एग्जिट पोल दिखाकर उनके संभावित विधायकों को खरीदना चाहती है।
ऐसे में पार्टी नेतृत्व अपने संभावित विधायकों के साथ बैठकर इस मुद्दे पर चर्चा करेगा और उन्हें आश्वस्त करेगा कि सरकार उनकी बन रही है। इन संभावित विधायकों से यह भी कहा जाएगा कि किसी तरीके का विपक्षी दलों द्वारा संपर्क करने पर उसकी रिकॉर्डिंग जरूर करें। बता दें कि, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पांच फरवरी को वोटिंग हुई थी, जबकि आठ अफवरी को चुनाव का परिणाम आएगा।
एग्जिट पोल में बीजेपी को बहुमत
मतदान के बाद ज्यादातर एग्जिट पोल के अनुसार, दिल्ली में इस बार बीजेपी की सरकार बन रही है। एक्सिस मॉय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 45-55 सीटें मिलने का अनुमान है। आम आदमी पार्टी को 25-25 सीटें मिल सकती है। वहीं, कांग्रेस को एक सीट मिल सकती है। हालांकि, दिल्ली में किसकी सरकार बनेगी यह 8 फरवरी शनिवार को स्पष्ट हो जाएगा।