PM Modi In Prayagraj Kumb 2025: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को प्रयागराज दौरे पर रहें, इस दौरान उन्होंने महाकुंभ मेला की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही 5500 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रयागराज अब नया इतिहास लिखने जा रहा है। पूरी दुनिया भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के दर्शन करेगी। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत श्रामिकों को धन्यवाद के साथ की।
आगे सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की सराहना करते हुए आगे कहा कि अब उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आज का उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत अलग शिखर पर अपनी पहचान बना रही है। अगले साल होने वाला महाकुंभ नया इतिहास लिखने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मैं बड़े विश्वास के साथ कहता हूं कि अगर मुझे इस महाकुम्भ का वर्णन करना हो तो मैं कहूंगा कि यह एकता का ऐसा महायज्ञ होगा जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में होगी। मैं इस आयोजन की भव्य और दिव्य सफलता की आप सभी को शुभकामनाएं देता हूं। भारत गंगा, यमुना, सरस्वती, कावेरी और नर्मदा जैसी पवित्र नदियों का देश है।
इन नदियों के प्रवाह की पवित्रता, इन तीर्थों का जो महत्व, महात्मय है उनका संगम है, उनका योग, उनका संयोग, उनका प्रभाव, उनका प्रताप, यह प्रयाग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब संचार के आधुनिक माध्यम नहीं थे तब कुम्भ जैसे आयोजनों ने बड़े सामाजिक परिवर्तनों का आधार तैयार किया था। कुम्भ में संत और ज्ञानी लोग मिलकर समाज के सुख-दुख की चर्चा करते थे, वर्तमान और भविष्य पर चिंतन करते थे। आज भी कुम्भ जैसे बड़े आयोजनों का महात्मय वैसा ही है। ऐसे आयोजनों से देश के कोने-कोने में, समाज, देश में सकारात्मक संदेश जाता है, राष्ट्र चिंतन की धारा निरंतर प्रवाहित होती है।
अक्षयवट कॉरिडोर का लोकार्पण
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने संबोधन के दौरान महाकुंभ के दौरान किए जा रहे कामों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2025 के प्रयागराज महाकुंभ के शुभारम्भ के मद्देनजर प्रधानमंत्री का आगमन सभी सनातन धर्मावलंबियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज यहां हजारों करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण होने जा रहा है। सीएम ने कहा कि, प्रधानमंत्री की प्रेरणा, मार्गदर्शन और आदर्शों पर सैकड़ों वर्षों के बाद साल 2019 के प्रयागराज कुंभ में पहली बार श्रद्धालुओं को अक्षयवट के दर्शन हुए। इस बार अक्षयवट कॉरिडोर का लोकार्पण होने जा रहा है और बड़े हनुमान जी मंदिर कॉरिडोर का भी लोकार्पण होने जा रहा है।