Constitution Debate:  लोकसभा में प्रियंका गांधी का बीजेपी पर हमला, ‘इस तरफ दाग…उस तरफ स्वच्छता’  

Parliament Winter Session Constitution Debate: लोकसभा में आज संविधान पर चर्चा हो रही है। चर्चा में सबसे पहले बीजेपी की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाग लिया। इसके बाद कांग्रेस की ओर से सांसद प्रियंका गांधी ने अपनी बात रखी। इस चर्चा में प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा, हमारे देश में संवाद और चर्चा की परंपरा रही है। ये गौरवशाली परंपरा है। दर्शन ग्रंथों, वेदों में भी ये परंपरा दिखती है। इस्लाम, सूफियों, जैन, बौद्ध धर्म में भी इसकी संस्कृति रही है। इसी परंपरा से उभरा हमारा स्वतंत्रता संग्राम।

प्रियंका गांधी ने कहा, हमारा स्वतंत्रता संग्राम अनोखा संग्राम था। अनोखी लड़ाई थी जो अहिंसा पर आधारित थी। ये जो लड़ाई थी, ये बेहद लोकतांत्रिक लड़ाई थी। इसमें देश के जवान, किसान, अधिवक्ता चाहें किसी भी धर्म, जाति के थे सब इसमें शामिल हुए। सभी ने मिलकर आजादी की लड़ाई लड़ी। उसी लड़ाई से एक आवाज उभरी जो हमारे देश की आवाज थी। वही आवाज आज हमारा संविधान है।

प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि आज हमारे साथी ज्यादातर अतीत की बात करते हैं। अतीत में क्या हुआ। नेहरू जी ने क्या किया। अरे वर्तमान की बात करिए और देश को बताइए। आप क्या कर रहे हैं और आपकी जिम्मेदारी क्या है। सारी जिम्मेदारी जवाहरलाल नेहरू की है। ये सरकार आर्थिक न्याय का सुरक्षा कवच तोड़ रही है।

बीजेपी के पास वॉशिंग मशीन- प्रियंका गांधी

आज संसद में बैठी सरकार बेरोजगारी और महंगाई से जूझ रही जनता को क्या राहत दे रही है। कृषि कानून भी उद्योगपतियों के लिए बन रहे हैं। वायनाड से लेकर ललितपुर तक इस देश का किसान रो रहा है। आपदा आती है तो कोई राहत नहीं मिलती। इस देश का किसान भगवान भरोसे है। सदन में जितने भी कानून बने हैं, वो बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए बन रहे हैं। हिमाचल में सेब के किसान रो रहे हैं, क्योंकि एक व्यक्ति के लिए सब बदल रहा है।

इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे कुछ साथी सत्ता पक्ष में चले गए हैं। पहले उन साथियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे, लेकिन जैसे ही वो बीजेपी के साथ गए तो वह दाग धुल गए। अब वह स्वच्छ हो गए। उन्होंने आगे कहा कि सरकार के पास वॉशिंग मशीन है। देश में बीजेपी सरकार डर का माहौल पैदा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *