Maharashtra Oath Ceremony: देवेन्द्र फडणवीस महाराष्ट्र के तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। विधायक दल की बैठक में फडणवीस को सर्वसम्मति से नेता चुना गया है। गुरुवार 5 दिसंबर को देवेन्द्र फडणवीस सीएम पद की शपथ ग्रहण करेंगे। अजित पवार और एकनाथ शिंदे प्रदेश के डिप्टी सीएम होंगे।
बीजेपी विधायक दल की बैठक में पार्टी नेता चंद्रकांत पाटिल और सुधीर मुनगांटीवार ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। इस पर सभी विधायकों ने उन्हें सर्वसम्मति से अपना नेता चुन लिया। केंद्रीय पर्यवेक्षकों विजय रुपाणी और निर्मला सीतारमण की मौजूदगी में महाराष्ट्र विधानसभा भवन में विधायक दल की बैठक हुई।
पांच दिसंबर को शाम पांच बजे दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री की मौजूदगी में देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
कोर कमेटी की बैठक में महाराष्ट्र बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में पार्टी को जीत मिली है। सभी ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा। जनता ने खुलकर वोट दिया। हम प्रदेश की जनता का ह्रदय से आभार व्यक्त करते हैं।
देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पहली बार साल 2014 में देवेंद्र मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने पांच साल अपना कार्यकाल पूरा किया था। हालांकि, 2019 में वे महज 80 घंटे ही सीएम की कुर्सी पर रहे। बाद में फडणवीस एकनाथ शिंदे की सरकार में डिप्टी सीएम की भूमिका भी निभा चुके हैं।
नागपुर में जश्न का माहौल
बैठक में देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नतीजों ने साफ कर दिया है कि हम एक हैं तो सेफ हैं। महाराष्ट्र में हमारी एकतरफा जीत हुई है। मैं इस जनादेश का आभारी हूं। मेरा समर्थन करने के लिए एकनाथ शिंदे और अजित पवार का शुक्रिया।
नागपुर में बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस के आवास के बाहर जश्न का माहौल है। कार्यकता ढोल और नगाड़े लिए जश्न मना रहे हैं। फडणवीस को सर्वसम्मति से बीजेपी के विधायक दल का नेता चुना गया है। गुरुवार को वह एक बार फिर से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।