UP Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने नए जिले की घोषणा की है। सरकार ने प्रयागराज महाकुंभ के आयोजन के लिए मेला क्षेत्र को नया जिला घोषित कर दिया है। बीते दिनों महाकुंभ मेला नाम से नए जिले की अधिसूचना जारी करते हुए बताया गया कि महाकुंभ मेला जिले में वह सभी प्रक्रियाएं अपनाई जाएंगी, जो किसी दूसरे जिले के संचालन के लिए जरूरी होती हैं।
आसान भाषा में समझा जाए तो अब मेला क्षेत्र के लिए अलग से डीएम, पुलिस कप्तान, थाने और पुलिस चौकियां होंगी। हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। इससे पहले भी यूपी सरकार की ओर से कुंभ और अर्ध कुंभ के मौके पर नए जिले की अधिसूचना जारी होती रही है। 76वें जिले के लिए सरकार वित्त वर्ष 2022-23 में 621.55 करोड़ रुपए का बजट पेश कर चुकी हैं।
यूपी के 76वें जिले में अधिकारियों की नियुक्ति की बात की जाए तो कलेक्टर मेलाधिकारी विजय किरन आनंद होंगे। एसएसपी के तौर पर राजेश द्विवेदी की नियुक्ति पहले ही हो चुकी है। बता दें, महाकुंभ मेला जिले में पूरा परेड क्षेत्र और चार तहसीलों सदर, सोरांव, फूलपुर और करछना के 67 गांव शामिल हैं।
13 जनवरी से शुरू होगा महाकुंभ
प्रयागराज हिन्दुओं की एक धर्मनगरी है। यहां गंगा और यमुना जैसी पवित्र नदियों का संगम तट है। प्रयागराज में लगने वाला मेला दुनिया का सबसे बड़ा मेला है। यह मेला 12 साल में एक बार लगता है। 6 सालों में लगने वाले मेले को अर्द्धकुंभ और 12 साल में लगने वाले मेले को महाकुंभ कहा जाता है। इस बार महाकुंभ मेले का आयोजन 13 जनवरी 2025 से लेकर 26 फरवरी को खत्म होगा।