Haryana Chunav 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस को ठगी की आदत पड़ गई है। कांग्रेस शासन में 10 साल तक दलाल और दामाद मालामाल हुए हैं। कांग्रेस ने हिमाचल और कर्नाटक में में झूठ बोला, अब हरियाणा में झूठे वादे बेच रहे हैं। कर्नाटक और हिमाचल की स्थिति आप देख रहें होंगे।
वहीं, उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलितों का अपमान किया है। डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को चुनाव में दो-दो बार हरवाया। इन्होंने संसद के सेंट्रल हॉल में उनकी तस्वीर तक नहीं लगने दी। अब कांग्रेस पहली वाली कांग्रेस नहीं रही अब इस पार्टी पर अर्बन नक्सलियों का कब्जा हो चुका है।
पीएम मोदी ने मंगलवार को यह बातें हरियाणा में कहीं। उन्होंने पलवल में नेशनल हाईवे-19 पर गदपुरी टोल प्लाजा के पास चुनाव की अपनी आखिरी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब हरियाणा में हुड्डा की सरकार थी तब किसानों के घर में दो रुपए मुआवजा का चेक पहुंचा था। जबकि बीजेपी सरकार हजारों रुपए की सम्मान निधि उनके बैंक खातों में पहुंचाती है।
पीओके पर चुप कांग्रेस- पीएम मोदी
प्रदेश की जनता ने दोनों पार्टियों के शासन को देखा है और अच्छे से अंतर भी पता है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस हमारी सेना पर भी हमला करती है। हमारी सेना ने दुश्मनों को बार बार पीटा, लेकिन कांग्रेस का शाही परिवार दुश्मनों की तारीफ करता है। कांग्रेस के लोग कहते हैं कि धारा 370 वापस लाएंगे, लेकिन ये नहीं कहा कि पीओके वापस लाएंगे। कांग्रेस ने देश का मुकुट तोड़ दिया। कश्मीर को भी तोड़ दिया। इतना बड़ा हिस्सा गंवा दिया।
आगे उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में लखपति दीदियां परिवार का सहारा बन रही हैं। बीजेपी हरियाणा के विकास को नई गति दे रही है। बल्लभगढ़ तक मेट्रो पहुंच चुकी है। अब पलवल भी मेट्रो से कनेक्ट होने वाला है। पलवल देश का हाईवे हब भी बन रहा है। बीजेपी सरकार पूरे ब्रज क्षेत्र के विकास पर फोकस कर रही है। हम तेजी से पूरे देश को विकसित बनाने के लिए रात दिन काम कर रहे हैं।