Haryana Vidhansabha Chunav 2024: हरियाणा के पंचकुला में कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप चौधरी के काफिले पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। हमले में प्रदीप चौधरी को दो समर्थकों को गोलियां लगी है। घायल अवस्था में समर्थकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। काफिले पर हमला उस वक्त हुआ जब वो चुनाव प्रचार के दौरान रायपुररानी से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनके काफिले पर फायरिंग की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भरौली गांव में उसके काफिले पर ये गोलीबारी की गई है। इस फायरिंग में प्रदीप चौधरी के समर्थक और काफिले की गाड़ी में सवार गोल्डी खेड़ी को दो गोली लगी है। जिसके बाद उसे घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसे वहां से पीजीआई रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह हमला दूसरे गैंग वालों ने किया है। घायल गोल्डी खेड़ी भी गैंगस्टर माना जाता है।
घटना की सूचना पाते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया और जानकारी प्राप्त कर जांच में जुट गया है। फायरिंग करने वालों बदमाशों के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है कि वो कौन थे और किस वजह से हमला किया। हालांकि, सूत्रों ने बताया है कि दूसरे गैंग के लोगों ने ये फायरिंग की है क्योंकि गोल्डी खेड़ी भी गैंगस्टर माना जाता है। आशंका जताई जा रही है कि दुश्मनी की वजह से उस पर हमला हुआ है।
बाइक पर सवार थे हमलावर
बताया जा रहा है कि शूटर स्प्लेंडर बाइक पर सवार थे, जिसमें से दो ने फायरिंग की। इस हमले में गाड़ी में बैठे एक और कार्यकर्ता के हाथ में भी गोली लगी है। पुलिस और सीआईए की टीम तुरंत रायपुररानी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि, प्रदीप चौधरी के काफिले में कुल 50 से 60 गाड़ियां शामिल थीं। जब काफिला गांव मुरादनगर से आगे बढ़ा तो कार्यकर्ताओं की एक गाड़ी रुककर वीडियो बनाने लगी। गाड़ी सवार कार्यकर्ता काफिले से पिछे रह गए, तभी बाइक पर आए तीन हमलावरों ने उसी कार पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने 5 से 6 राउंड फायर किए हैं।