Haryana Chunav 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव में प्रचार प्रसार सियासी दलों ने शुरू कर दिया है। सभी सियासी दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। आज प्रदेश में नामांकन का आखिरी दिन था। इस बीच टिकट कटने के बाद नेताओं का रूठने और मान मनौव्वल कौ दौर भी जारी रहा। दरअसल, बीजेपी ने इस बार दिग्गज नेता रामबिलास शर्मा को टिकट नहीं दिया। बीजेपी नेता को इसका आभास पहले ही हो चुका था, इसलिए वह नामांकन करने खुद ही चले गए।
इस खबर का जैसे ही आलाकमान को पता चला तो उनका टिकट काटकर कंवरपाल यादव को दे दिया। इसके बाद रामबिलास शर्मा के आवास पर कार्यकर्ता और समर्थक नाराज हो गए और निर्दलीय चुनाव लड़ने की मांग करने लगे। इस बीच केन्द्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह रामबिलास शर्मा के घर मिलने के लिए पहुंच गए। इसके बाद मान मनौव्वल का दौर शुरू हो गया। आखिर क्यों रामबिलास शर्मा का टिकट कटने की चर्चा चारों ओर हो रही है।
दरअसल, एक दौर हुआ करता था कि जब हरियाणा प्रदेश में बीजेपी की स्थिति ठीक नहीं हुआ करती थी तो रामबिलास शर्मा जैसे शिक्षित नेता पार्टी का झंडा प्रदेश में फहराते थे। आज जब राव इंद्रजीत रामविलास शर्मा के घर पर पहुंचे तब उन्होंने एक बात कही थी कि एक समय होता था जब हरियाणा के अंदर बीजेपी का झंडा लहराने वाला केवल एक नाम वो रामबिलास शर्मा होता था। ये बात कई मायनो में सच भी है।
साल 2014 में जब बीजेपी की सरकार बनी तब सीएम पद के लिए रामविलास शर्मा प्रबल दावेदार हुआ करते थे लेकिन बीजेपी ने तब भी उनकी जगह पैराशूट उम्मीदवार मनोहर लाल को सीएम बनाया था। रामबिलास को शिक्षा मंत्री, परिवहन, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग जैसे मंत्रालय से संतोष करना पड़ा था।
Read Also: http://Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में अभी और होगी झमाझम बरसात, जानिए बाकी राज्यों का हाल
कौन है रामबिलास शर्मा ?
बता दें कि, महेंद्रगढ़ विधानसभा सीट राजनीतिक रूप से विशेष महत्व वाली है क्योंकि इस सीट से चुनाव लड़ने वाले रामबिलास शर्मा अहीरवाल में भारतीय जनता पार्टी की उपस्थिति लगातार बनाए रखने वाले इकलौते नेता हैं। वहीं, कांग्रेस के राव दान सिंह ने उन्हें जबरदस्त चुनौती भी दी है। आलम यह है कि पिछले 32 सालों से यही दोनों महेंद्रगढ़ से विधायक बनते आ रहे हैं। इस अहीर बहुल क्षेत्र में अहीर विधायक ही ज्यादा बने हैं और उनके जीतने के सिलसिले को किसी ने रोका है तो वो हैं रामबिलास शर्मा।
इस सीट से बीजेपी नेता रामबिलास शर्मा साल 1977 से चुनाव लड़ते आ रहे हैं। मौजूदा समय में राजनीति कर रहे हरियाणा के बीजेपी नेताओं में और कोई इतने लम्बे समय से चुनावी राजनीति में नहीं है। रामबिलास शर्मा ने साल 1977 का चुनाव जनता पार्टी की टिकट पर और उसके बाद सभी चुनाव बीजेपी की टिकट पर लड़े हैं। इस सीट को कई बार जीतकर पार्टी की झोली में डाला है।
शर्मा ने साल 1982 से 1996 तक लगातार चार चुनाव जीते हालांकि इसके बाद के लगातार तीन चुनाव वे कांग्रेस के राव दान सिंह से हारे भी। साल 2014 में रामबिलास ने एक बार फिर वापसी की और 5वीं बार हरियाणा विधानसभा के सदस्य बने। इसके बाद साल 2019 में वह फिर से हार गए। अब एक बार फिर से रामबिलास को पार्टी की ओर से रामबिलास को टिकट की उम्मीद थी लेकिन इस बार पार्टी टिकट देने से किनारा कर गई।