Kerala RSS Meeting: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय समन्वय बैठक केरल के पलक्कड़ में शुरू हो गई है। आरएसएस की बैठक 2 सितंबर तक चलेगी और इसकी अध्यक्षता संघ प्रमुख डॉक्टर मोहन भागवत कर रहे हैं। बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद हैं, जिनमें सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और सभी छह सह सरकार्यवाह शामिल हैं। इसके अलावा केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी बैठक में शामिल हैं। इस साल की बैठक में लगभग 300 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं और यह संघ की सालाना एक महत्वपूर्ण बैठक है।
पहले दिन अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि बैठक का प्रमुख उद्देश्य बांग्लादेश हिंसा और राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करना है। बैठक की शुरुआत वायनाड में हाल ही में हुए भूस्खलन पर चर्चा से हुई। स्वयं सेवकों ने वायनाड में भूस्खलन से प्रभावित लोगों की सहायता और सेवा कार्य के बारे में जानकारी दी, जिसमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य, पुनर्वास और सहायता प्रयास शामिल हैं।
विजयदशमी पर मनाई जाएगी 100वीं वर्षगांठ
बता दौं कि, यह केरल में पहली बार हो रही अखिल भारतीय समन्वय बैठक है। आरएसएस का गठन साल 1925 में हुआ था और संघ अपनी 100वीं वर्षगांठ 2025 में मनाएगा। बैठक में इस खास अवसर की तैयारी पर भी चर्चा की जाएगी। सुनील आंबेकर ने कहा कि संघ की 100वीं वर्षगांठ विजयादशमी के दिन मनाई जाएगी और इस मौके पर कई नई योजनाओं की शुरुआत की जाएगी। इनमें सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्यों के आधार पर राष्ट्रव्यापी सामाजिक परिवर्तन की योजनाएं शामिल हैं।
Read Also: http://Global Fintech Fest: दुनिया फिनटेक की विविधता देखकर हैरान, ‘हर क्षेत्र में आ रही क्रांति’
बैठक में कई प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हैं, जैसे राष्ट्र सेविका समिति, वनवासी कल्याण आश्रम, विश्व हिन्दू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय किसान संघ, विद्या भारती और भारतीय मजदूर संघ। कुल मिलाकर, बैठक में 230 प्रतिनिधि और 90 राष्ट्रीय स्तर के संघ पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। इन सभी का उद्देश्य आरएसएस को मजबूत और प्रतिनिधित्व को बढ़ाना है।