संसद की बैठक से पहले कल कैबिनेट मीटिंग, महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर होगी चर्चा ?

Union Cabinet Meeting: संसद की आगामी बैठकों से पहले केंद्र सरकार ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। दोपहर एक बजे होने वाली इस बैठक में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है। पिछले कई दिनों से इस विधेयक को लेकर चर्चा चल रही थी, लेकिन अब संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद की बैठक बुलाने की जानकारी देकर इस मुद्दे को फिर से चर्चा में ला दिया है।

30 नवंबर से 3 दिसंबर तक लोकसभा की बैठक

किरेन रिजिजू ने बताया कि केंद्र सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष से 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। वहीं, राज्यसभा के सभापति से 2 और 3 दिसंबर को सदन की कार्यवाही आयोजित करने की अपील की गई है। इस तरह लोकसभा की बैठक चार दिन और राज्यसभा की बैठक दो दिन चलेगी।

मॉनसून सत्र की कार्यवाही ही आगे बढ़ेगी

इस बार संसद की बैठक को नया विशेष सत्र नहीं माना जाएगा। दरअसल, मॉनसून सत्र की कार्यवाही अभी औपचारिक रूप से समाप्त नहीं हुई थी। 13 अगस्त को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। ऐसे में उसी सत्र को आगे बढ़ाया जाएगा। हालांकि, किरेन रिजिजू ने अभी तक संसद की आगामी कार्यवाही का पूरा एजेंडा स्पष्ट नहीं किया है।

महिला आरक्षण कानून लागू करने की तैयारी

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर विचार हो सकता है। इसी मुद्दे पर सरकार संसद में चर्चा आगे बढ़ा सकती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी गुरुवार शाम संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम में इस दिशा में संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी ने महिला आरक्षण विधेयक को रोका था, लेकिन सरकार का संकल्प है कि वह इसे जल्द से जल्द लाकर पारित कराएगी।

दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश

इस विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार पिछले कई महीनों से दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। इस बीच राजनीतिक समीकरणों में कई बदलाव हुए हैं। DMK का कांग्रेस से अलग होना, तृणमूल कांग्रेस में टूट, उद्धव ठाकरे की शिवसेना के सांसदों का एकनाथ शिंदे के साथ जाना और पंजाब में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्यों का बीजेपी में शामिल होना जैसे घटनाक्रम चर्चा में रहे हैं।

इसके अलावा अकाली दल के साथ आने और सुप्रिया सुले की ओर से परिसीमन विधेयक को लेकर दिए गए संकेतों को भी इस पूरे घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। अब शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में इस विधेयक पर क्या फैसला होता है, इस पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *